वाराणसी के सिगरा थाना क्षेत्र के तेलियाबाग स्थित प्राइवेट स्कूल पढ़ने गई हाईस्कूल की छात्रा सोमवार से घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा का पता नहीं लगा तो मंगलवार को सिगरा थाने में अज्ञात महिला और एक ऑटो चालक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए परिजनों ने तहरीर दी।
मलदहिया लोहा मंडी क्षेत्र निवासी युवक के अनुसार उनकी छोटी बहन सोमवार को छोटे भाई के साथ घर से तेलियाबाग स्थित स्कूल के लिए निकली। स्कूल से लगभग दो सौ मीटर पहले बहन ने छोटे भाई को ऑटो सवार महिला से स्कूल पहुंचाने को कहा।
इसके बाद उनकी बहन और गुलाबी रंग की साड़ी पहने व कपड़े से मुंह बांधी हुई महिला कहां गई, दोनों का पता नहीं लगा। इस संबंध में सिगरा इंस्पेक्टर एके ओझा ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर छात्रा की खोजबीन शुरू कर दी गई है।