उत्तर प्रदेश में पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने के तमाम इंतजाम कर रही है। उसके बाद भी अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। आजमगढ़ में रविवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक गैस एजेंसी मालिक की गोली मारकर हत्या कर दी।
जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के सतमेसरा गांव निवासी भूपेंद्र यादव (50) की गैस एजेंसी लालगंज बाजार में नहर किनारे है, जबकि उनका गोदाम डेढ़ किमी दूर पश्चिम रेतवा चंद्रभानपुर गांव में है।
रविवार को गोदाम पर मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के च्यूटहरा गांव निवासी जोगेंद्र यादव, पवनी गांव निवासी संतोष पांडेय मौजूद थे। शाम चार बजे एक काले रंग की पल्सर बाइक से तीन बदमाश गोदाम पर पहुंचे और मालिक को पूछने लगे।
कर्मचारियों के इंकार करने पर एक बदमाश ने तमंचे की मुठिया से जोगेंद्र के सिर पर प्रहार कर दिया व अंदर काउंटर से 97 हजार दो सौ रुपये निकाल लिए। संतोष के विरोध करने पर बदमाशों ने उसे भी पीटा और मोबाइल छीन लिया।
दोनों को कमरे में बंद करने के बाद बदमाश गैस एजेंसी के आफिस में पहुंचे, जहां भूपेंद्र यादव अपने साथी सुनील यादव, देवगांव कोतवाली के सरुपहां गांव निवासी उमा यादव, बृजेश यादव और रमेश यादव के साथ बैठे थे।