मां की डांट से क्षुब्ध होकर घर से निकली एक किशोरी दरिंदगी का शिकार हो गई। पड़ोसी गांव के दो युवकों ने उसका भरोसा तोड़ा और बारी बारी से रेप किया। इसके बाद उसे भदोही के सरायकंसराय रेलवे स्टेशन के पास छोड़कर भाग गए।
वहां से किशोरी किसी तरह जंघई रेलवे स्टेशन के पास पहुंची जहां उसकी खोज में लगे परिवार के लोग मिल गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जौनपुर जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी सात अक्तूबर की शाम मां की डांट से नाराज होकर मौसी के पास जाने के लिए घर से निकली। रास्ते में उसे पड़ोसी गांव कसेरवा का एक युवक मिला। युवक को वह पहचानती थी।
उसने युवक से जंघई रेलवे स्टेशन पर छोड़ने की बात की तो वह राजी हो गया। उसने स्टेशन छोड़ने के लिए उसे बाइक पर बैठा लिया। रास्ते मे एकांत पाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
फिर अपने एक साथी को फोन करके बुला लिया और कहा कि तुम इसे इसकी मौसी के घर छोड़ आओ। वह युवक उसे गाड़ी पर बैठाकर ले गया, फिर उसने भी मौका पाकर रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म किया।