पुलिस लाइन स्थित सभागार में मीडिया के सामने आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के रोहनिया में गंगा किनारे स्थित रिजॉर्ट में बुजुर्ग फ्रांसीसी महिला से बलात्कार एवं हत्या के प्रयास के आरोपी ओमप्रकाश पटेल को पुलिस ने गुरुवार की देर रात मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया। वह मिर्जापुर के चुनार क्षेत्र के परसबंधा में अपने एक रिश्तेदार के यहां छिपा हुआ था।
पुलिस ने उसके कब्जे से महिला से लूटा गया कैमरा, दूरबीन और 4700 रुपये बरामद किए। आरोपी पिछले चार महीने से रिसॉर्ट में चौकीदारी करता था। एसएसपी नितिन तिवारी ने उसे शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में मीडिया के सामने पेश किया। आरोपी ओमप्रकाश चुनार (मिर्जापुर) क्षेत्र के दीक्षितपुर का रहने वाला है।
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने घटना की रात बुधवार को शराब पी रखी थी। वह जबरन फ्रांसीसी महिला के कमरे में घुस गया और उसे मारने-पीटने लगा। उस पर प्राण घातक हमले किए और रात में उसके साथ बलात्कार किया।
गुरुवार की भोर में चार बजे तक वह शूलटंकेश्वर स्थित श्रीगंगे रिसॉर्ट रिजॉर्ट में रहा। इसके बाद वह गंगा किनारे पहुंचा और एक मल्लाह से कहा कि जल्दी गंगा पार करा दो, मेरी पत्नी की मौत हो गई है।
इस पर मल्लाह ने भी उसे नाव से गंगा पार करा दिया। जबकि उसकी पत्नी की मौत करीब चार-पांच साल पहले ही हो चुकी है। वह झूठ बोलकर जिला छोड़कर भागने में कामयाब रहा।