आजमगढ़ में नेवादा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते रविवार की भोर में अंसार अहमद (45) ने अपनी पहली पत्नी नासिरा खातून को लात, घूसों से मारपीटकर घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर जुटी भीड़ ने अंसार को घेरा तो उसने भीड़ पर फायरिंग कर दिया।
इस दौरान छर्रा लगने से पड़ोसी महफूज (50) घायल हो गए। इसके बाद अंसार ने बनहुआ तालाब के पास पहली पत्नी के पैरोकार ओवैदुर्ररहमान (55) को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से ओवैदुर्ररहमान घायल हो गया। ओवैदुर्ररहमान के बेटे ने अंसार को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के संबंध में अंसार की पत्नी नासिरा खातून ने तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
मुबारकपुर थाने के नेवादा गांव निवासी नासिरा खातून का आरोप है कि उसका पति अंसार अहमद वर्षों पहले उसे तलाक देकर छोटी बहन सायमा खातून से शादी कर लिया। गांव में ही घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित दूसरे मकान में रहने लगा। इधर पति के इस हरकत से नाराज नासिरा खातून अपने गांव के ओवैदुर्ररहमान से मिलकर हर्जाखर्चा के लिए कोर्ट में वाद दाखिल की। जिसमें कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए 11 लाख रुपये नासिरा खातून को देने का आदेश अंसार अहमद को दिया।