घरेलू विवाद में पत्नी को गोली से उड़ाया
मामूली कहासुनी में एक पति ने अपनी पत्नी के सिर पर गोली मार कर उसका कत्ल कर दिया। यही नहीं उसने खुद ही अपने ससुर को वारदात की जानकारी दी और परिवार समेत फरार हो गया। वारदाम राठ गांव में मंगलवार सुबह अंजाम दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा, खाली कारतूस बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पति समेत तीन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। पुलिस ने गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए है। सिंधौली (शाहजहांपुर) के रहने वाले नगला गांव निवासी विश्वनाथ की पुत्री रेखादेवी (30) की शादी 12 साल पहले बिलसंडा क्षेत्र के ग्राम राठ निवासी सुधीर उर्फ सुदेश के साथ हुई थी। जिससे उसको तीन बच्चे हिमांशु (8), प्रियांशु (6) व बिट्टू (4) हैं। मंगलवार सुबह दंपति के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि सुधीर ने तमंचे से रेखा के सिर में गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद पति ने अपने ससुर विश्वनाथ को फोन कर विवाहिता की हत्या करने की बात बताई और परिवार समेत फरार हो गया। बेटी की हत्या की बात सुनकर परिवार वाले निजी वाहनों से रेखा की ससुराल पहुंचे। जहां सब नदारद मिले। भीतर जाकर देखने पर रेखा का शव एक कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सुदेश अपने साथ तीनों बच्चों को भी ले गया था। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जिस पर एसओ रूम सिंह वघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास से 315 बोर का तमंचा और खोखा बरामद किया। पुलिस को परिवारी वाले विवाद की कोई सटीक वजह तो नहीं बता सके, लेकिन इसके पीछे आए दिन के घरेलू विवाद को कारण बताया। पिता ने पति सुधीर उर्फ सुदेश, उसकी मां लढ़ैती देवी और बाबा रामबहादुर के खिलाफ नामजद तहरीर दी। जिसके आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा।