यूपी के चंदौली में एक पिता और बेटे के बीच में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत पिता ने बेटे की लाठी से पीटकर हत्या कर दी।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता को पकड़ लिया है। छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।
मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत महाबलपुर गांव निवासी बरन राम के दो पुत्र धनेश राम (25) व राजेश (22) थे। परिवार वालों ने बताया कि गुरुवार की रात बरन राम और धनेश राम शराब के नशे में धुत थे।
इस दौरान घर में बकरी को बांधने में दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना अधिक बढ़ गया कि बरन राम ने नशे की हालत में धनेश राम के सिर पर लाठी से प्रहार कर दिया। इसके बाद धनेश लहूलुहान होकर वहीं गिर गया।
घटना के बाद धनेश के उपचार के लिए राजेश एक डॉक्टर को लेकर घर आया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद राजेश ने पुलिस इसकी सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई वहीं राजेश ने अपने पिता बरन राम को भी पुलिस के हवाले कर दिया। शुक्रवार को पुलिस ने शव को पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया।
सीओ सदर प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि मृतक के छोटे भाई राजेश से मिली तहरीर के आधार पर पिता बरन राम के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।