20 नामजद और 200 अज्ञात पर केस, 12 गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
मऊ जिले एक गांव में रविवार की दोपहर विवादित पट्टे की पोखरी की मछली के बंटवारे का विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस और ग्रामीणों में संघर्ष हो गया। ग्रामीणों के पथराव में एक दरोगा का सिर फट गया और तीन सिपाही मामूली रूप से घायल हो गए।
इसके बाद पुलिस की हवाई फायरिंग में दो किशोर घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर वाराणसी रेफर कर दिया गया। इस मामले में 20 नामजद और 200 अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया। 12 लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
मधुबन के दुबारी मटियरा गांव के पास एक विवादित पोखरी में मछली पालन होता है। दो लोगों में विवाद के चलते मामला तहसील प्रशासन के पास पहुंचा। मामले का निस्तारण कराने के लिए तहसीलदार सर्वेश सिंह रविवार को फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन की उपस्थित में मछली पकड़ी गई। मछली के बंटवारे को लेकर दलित बस्ती के सैकड़ों लोग आपत्ति जताने लगे। वे भी हिस्सा मांगने लगे। बात न बनने पर दलित बस्ती के लोगों ने मधुबन-दुबारी मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने रास्ता खुलवाने का प्रयास किया तो दलित बस्ती के लोगों ने पथराव कर दिया।
पुलिस ने एक मकान में घुसकर किसी तरह जान बचाई। हालांकि पत्थर लगने से चौकी प्रभारी रामनवल सिंह का सिर फट गया। सिपाही अयोध्या प्रसाद, रामबचन राय, महेंद्र मामूली रूप से घायल हो गए। भीड़ का आक्रोश देखकर पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
इसमें गांव के दो किशोरों के पैर में गोली लग गई। गोली से घायल धीरज (16) पुत्र हरेंद्र और गोलू (15) पुत्र जयप्रकाश को जिला अस्पताल लाया गया। वहां से धीरज को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
घायल दरोगा और सिपाहियों को पीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एसपी मुनिराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने एहतियातन मौके पर पुलिस के जवान तैनात करने का आदेश दिया। इस मामले में 20 नामजद और 200 अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।