फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बनारसः एटीएम में पासवर्ड डाल कर चुराए लाखों रुपये, जिले का पहला मामला

Wed, 17 Oct 2018 10:45 AM IST
क्राइम डेस्क,अमर उजाला,वाराणसी
विज्ञापन
demo pic
विज्ञापन
बनारस के सारनाथ थाना अंतर्गत बेनीपुर स्थित इंडिकैश एटीएम से तीन लाख छह हजार रुपया चुराने का मामला सामने आया है। खास बात यह रही कि इसके लिए एटीएम में तोड़फोड़ नहीं की गई बल्कि पासवर्ड की मदद ली गई। सूचना पाकर पुलिस एटीएम में लगे सीसी कैमरे की फुटेज खंगाल कर आरोपी को चिह्नित करने में जुटी थी।
विज्ञापन


पुलिस के अनुसार पासवर्ड डाल कर एटीएम से रुपये चुराने की जिले में यह पहली घटना है। पुलिस एटीएम में रुपये डालने वाली कंपनी के कर्मचारियों की भूमिका को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है। पूछताछ के लिए सुपरवाइजर सहित चार कर्मियों को हिरासत में लिया गया है।

सौ नंबर पर मंगलवार की रात आठ बजे के लगभग सूचना आई कि बेनीपुर पोखरे के समीप छेदी मौर्या के कटरा स्थित इंडिकैश एटीएम के पासवर्ड का इस्तेमाल कर तीन लाख छह हजार रुपया चुरा लिया गया है। सूचना पाकर सारनाथ पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची।
विज्ञापन


एटीएम में रुपये डालने वाली रथयात्रा स्थित लॉजिकैश कंपनी के कर्मचारी आशीष और अनिल ने बताया कि तीन दिन पहले वो आए थे तो पता लगा था कि कार्ड रीडर खराब है। मंगलवार की देर शाम दोनों फिर आए तो पता लगा कि एटीएम मशीन से तीन लाख छह हजार रुपये गायब हैं।

इस संबंध में एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि एटीएम मशीन का पासवर्ड सिर्फ रुपये डालने वाली कंपनी के कर्मियों को ही पता रहता है। इसलिए प्रथम दृष्टया कंपनी के कर्मियों की भूमिका को संदिग्ध मानते हुए उनसे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन

शहर में तीन जगह उचक्कागीरी

demo pic
शहर के सिगरा, चेतगंज और कैंट थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम उचक्कों ने तीन जगह तीन लोगों को निशाना बनाकर चार लाख रुपये से ज्यादा की चपत लगाई। सूचना पाकर तीनों थानों की पुलिस सिर्फ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई तक सीमित रही। उचक्कों ने वारदात को अंजाम देने के लिए वाहन से मोबिल गिरने और कपड़े पर गंदगी लगने जैसी बातों का सहारा लिया।

मलदहिया स्थित माइक्रोटेक कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नालाजी के अधिशासी निदेशक डॉ. पंकज राजहंस अपनी एसयूवी लेकर सिगरा चौराहा के समीप स्थित बंद पड़े पेट्रोल पंप के सामने से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक उचक्का आया और उसने एसयूवी से मोबिल गिरने की बात बताई। चालक नीचे उतरा तो उचक्के ने एसयूवी के भीतर स्प्रे से छिड़काव किया।

इसके चलते एसयूवी के भीतर बैठे अन्य लोगों को घुटन होने लगी तो सभी नीचे उतर आए। इसी दौरान एसयूवी की पिछली सीट पर रखे दो बैग लेकर उचक्का भाग निकला। डॉ. पंकज ने बताया कि दोनों बैग में लैपटॉप, डेढ़ लाख रुपये सहित कई जरूरी कागजात थे।

उधर, चेतगंज थाना अंतर्गत रामकटोरा स्थित एक बाइक मैकेनिक की दुकान पर खड़े ज्ञानचंद्र राजभर से एक उचक्के ने कहा कि उनके कपड़े पर गंदगी लग गई है। रामचंद्र कपड़े की गंदगी देखने लगे इसी बीच उचक्का उनका 40 हजार रुपया सहित अन्य कीमती सामान लेकर भाग निकला।

उधर, कैंट थाना अंतर्गत अर्दली बाजार में विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी निवासी संजय सिंह की सफारी से उचक्के ने बैग उड़ा दिया। संजय के अनुसार उचक्के ने कहा कि सफारी से मोबिल गिर रहा है और काफी धुआं निकल रहा है। इस पर लोग नीचे उतरे तो उचक्का बैग लेकर भाग निकला। बैग में 70 हजार रुपये, चेक बुक, पासबुक सहित अन्य जरूरी कागजात थे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें