आगरा से चुराई गई जीपीएस सिस्टम से लैस स्विफ्ट डिजायर कार रविवार को वाहन मालिक की सक्रियता से लंका क्षेत्र से बरामद की गई। बरामद कार के साथ हिरासत में लिए गए युवक की हालत बिगड़ी तो उसे नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
वहीं, युवक की हालत खराब होती देख लंका थाने पर मौजूद पुलिसकर्मी आपस में ही भिड़ गए और एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराने लगे। पुलिस के अनुसार भर्ती युवक की हालत में सुधार आने पर मामला स्पष्ट कर उसे जेल भेजा जाएगा।
आगरा की पुलिस ने रविवार की सुबह जिला पुलिस को सूचना दी थी कि ताजनगरी फेज-1 निवासी विनय कुमार कठेरिया की जीपीएस सिस्टम से लैस सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार मिर्जामुराद के रास्ते वाराणसी में प्रवेश कर रही है।
इसके बाद भी चोरी की कार लेकर चालक घूमता रहा और पुलिस उसे पकड़ न सकी। वाहन मालिक ने कार निर्माता कंपनी से संपर्क कर जीपीएस सिस्टम के माध्यम से उसे ट्रैक कराकर लॉक करा दिया। साथ ही, फिर पुलिस को सूचना दी कि कार लंका क्षेत्र में खड़ी है और उसमें ड्राइवर मौजूद है।
इस सूचना पर लंका पुलिस ने कार और उसमें मौजूद युवक पटना निवासी नौशाद को हिरासत में ले लिया। लंका थाने पहुंचते ही नौशाद उल्टी करते हुए बार-बार गश खाकर जमीन पर गिरने लगा।
यह देख लंका थाने के पुलिस ने नौशाद को नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लंका थानाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि नौशाद से पूछताछ कर मामले को स्पष्ट करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। आशंका है कि कार चुराकर बिहार ले जाई जा रही थी।