यूपी के गाजीपुर में एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर कारोबारी के शव सड़क किनारे खेत में फेंककर फरार हो गए। लोगों ने कारोबारी के शव को देखकर पुलिस को सूचना दी।
गाजीपुर जिले के प्रतापपुर निवासी सिद्धनाथ सिंह यादव (50) की फाकराबाद चट्टी पर खाद एवं बीज की दूकान है। शुक्रवार शाम भी वह दूकानबंद कर घर चले गए।
घर पर खाना खाने के बाद दूकान पर सोने के लिए रात में करीब साढ़े नौ बजे घर से निकले। इसी दौरान फाकराबाद चट्टी से करीब दो सौ मीटर पहले हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी और शव को सड़क के किनारे धान की खेत में फेंककर फरार हो गए।
शनिवार की सुबह दौड़ने वाले युवकों ने सड़क के किनारे खेत में किसी को औधे मुंह गिरे देखा तो शोर मचाने पर आसपास के लोग भी वहां पहुंच गए। सूचना मिलते ही मृतक के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए।
घटना स्थल पर मृतक की साइकल और मोबाइल गिरा मिला। लोगों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को फोन किया लेकिन कोतवाल का फोन नहीं उठा। कई बार सौ नंबर डायल करने पर भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इससे चट्टी के दूकानदारों के साथ ही ग्रामीण नाराज हो गए।
लोगों ने लापरवाह पुलिस के खिलाफ कार्रवाई करने, हत्यारों की गिरफ्तार और मृतक के कोतवाल को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर यूसुफपुर-कासिमाबाद मार्ग को सुबह करीब सात बजे जाम कर दिया।
जानकारी होते ही पूर्व विधायक सिबगतुल्ला अंसारी, ब्लाक प्रमुख रामकृत यादव, पूर्व प्रमुख रमायण सिंह यादव भी पहुंचकर जाम में शामिल हो गए। जाम करने वाले मौके पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की जिद पर अड़े रहे।
पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चंद्रप्रकाश शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कृष्णकांत एवं उपजिलाधिकारी शिवप्रसाद मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी करने, मृतक के परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही जांच कराकर दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके बाद साढ़े तीन घंटे बाद साढ़े दस बजे जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई रामबदन सिंह यादव ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा का कहना है कि फाकराबाद चट्टी के पास शुक्रवार की रात अज्ञात हमलावरों उर्वरक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। कारोबारी को गोली किन कारणों से मारी गई, इसका पता नहीं चल पा रहा है। फिलहाल मामले की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही हत्यारों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।