भदोही में शुक्रवार की रात करीब दो बजे बारातियों से भरी बस और ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक और खलासी समेत बस में सवार 48 लोग घायल हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को औराई सीएचसी और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।
इनमें नौ लोगों की हालत चिंताजनक देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया। मिर्जापुर के सीखड़ निवासी गोविंद कोरी के बेटे कमलेश की शादी के लिए बारात शुक्रवार को औराई थानाक्षेत्र के मेघीपुर गांव निवासी सबलू कोरी के घर आई थी।
बताते हैं कि द्वारचार के बाद बारात जनवासे में चली गई। लेकिन, खाने को लेकर थोड़ा विलंब हो गया। बाराती खाने का इंतजार कर रहे थे। कुछ बारातियों को रात में ही जाना था तो कुछ लोगों को रुकना था। खाने में विलंब को लेकर बारातियों और घरातियों में विवाद हो गया। इससे तमाम बाराती नाराज होकर जनवासे में चले।
इसी बीच कुछ बारातियों ने घर जाने का फैसला ले लिया और बस पर बैठकर रात 1.45 बजे सीखड़ के लिए रवाना हो गए। दो बजे के आसपास बारात मेघीपुर गांव के सामने हाईवे पर पहुंची।
बस को जीटी रोड पार कर उत्तरी लेन पर जाना था, लेकिन मोड़ पर कट न होने की वजह से दक्षिणी लेन से ही बस चालक वाराणसी की ओर चल दिया। आगे के कट से मुड़कर वह उत्तरी लेन पर हो जाता। बताया जाता है कि बस की एक ही हेडलाइट जल रही थी।
इसी बीच वाराणसी से इलाहाबाद की तरफ जा रहे ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। इसमें 48 बाराती घायल हो गए। इनमें से 21 घायलों को औराई सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें से नौ लोगों को चिकित्सक ने वाराणसी ले जाने की सलाह दे दी।