अब संगीनों के साए में मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर
झांसी।
दो दिन से हो रहे विवादों के बाद एसएसपी ने मढ़िया महाकालेश्वर मंदिर के पास सुरक्षा के लिए सशस्त्र सिपाही तैनात कर दिए हैं। सिपाहियों की पिकैट यहां हालात सामान्य होने तक तैनात रहेगी। बृहस्पतिवार रात मंदिर के पास हवाई फायर हुआ था और शुक्रवार रात दो पक्षों के बीच गालीगलौज होने से माहौल बिगड़ गया था। शुक्रवार को मंदिर पहुंचे एसएसपी ने यहां पुलिस बल तैनात कर दिया।
मंदिर के पुजारी रामेश्वर उपाध्याय ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को कुछ अराजकतत्वों ने हवाई फायरिंग की थी। शुक्रवार रात में एक युवक शराब के नशे में समुदाय विशेष को निशाना बनाकर गालीगलौज करने लगा। माहौल खराब न हो, इसलिए पुजारी ने किसी तरह युवक को मौके से हटाया। दो दिन से लगातार हो रही घटनाओं से क्षुब्ध मंदिर के आसपास रहने वाले लोग पुजारी के साथ शुक्रवार रात को एसएसपी जेके शुक्ला से मिलने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। एसएसपी ने नवाबाद पुलिस को निर्देश देकर जांच करने के निर्देश दिए। शुक्रवार रात को मंदिर परिसर में पुलिस वालों को तैनात कर दिया गया।
शनिवार को नवाबाद थाना में आयोजित समाधान दिवस में पुजारी ने शिकायत करते हुए कुछ लोगों पर जानबूझकर मंदिर का माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि मंदिर से अतिक्रमण हटने के बाद से ही कुछ लोग यहां पर कब्जा करने की फिराक में है। इसी के चलते यह विवाद हो रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शनिवार दोपहर नगर मजिस्ट्रेट चंद्रपाल तिवारी, सीओ सिटी जंगबहादुर सिंह व नवाबाद प्रभारी दीपक मिश्रा मंदिर पहुंचे। वहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और आस पास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए गए।