बहन की ससुराल वालों ने उसके भाई के साथ ऐसा सलूक किया जिसका उनको अंदाजा भी नहीं होगा। भाई ने बस अपनी बहन के साथ हुई मारपीट के बारे में बस पूछताछ की थी। मामला यूपी के सोनभद्र का है।
इलाहाबाद के लालापुर थाना क्षेत्र के छतेहरा निवासी अजय कुमार (32) अपने भांजे रमेश (23) निवासी जिला उमरिया, मध्यप्रदेश के साथ चोपन थाना क्षेत्र के अलउर गांव में 24 जून को अपनी बहन मंजू के घर शादी में आया हुआ था। यहां उसके बहन के चचिया ससुर के लड़की की शादी थी।
पीड़ित अजय के मुताबिक इसी शादी को लेकर 22 जून को शादी को लेकर उसकी बहन के साथ ससुराल में मारपीट की गई थी। शादी संपन्न होने के बाद 25 जून को अजय ने दीपक नाम युवक से बहन के साथ मारपीट के बारे में पूछताछ की तो छह लोगों ने अजय और रमेश को पकड़ लिया।
बाद में पेड़ में बांधकर दोनों की बेरहमी से पिटाई की। इसी बीच किसी ने सौ नंबर पर सूचना दी। शाम पांच बजे पुलिस पहुंची, तब दोनों मुक्त हुए। पुलिस का कहना है कि अजय अपनी बहन के साथ हुई मारपीट की शिकायत करने लगा तो दोनों पक्षों में विवाद हो गया। नौबत मारपीट तक आ गई।
दोनों तरफ से मामला दर्ज कर दोनों पक्षों से तीन-तीन को गिरफ्तार कर चालान किया गया। पीड़ित बुधवार को सीओ ओबरा से फरियाद लगाने पहुंचे लेकिन सीओ के न रहने से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई।