सेवापुरी। कपसेठी थाना क्षेत्र के भीखमपुर में बुधवार की देर शाम हुई बलमू
बनवासी की हत्या के मामले में गुरुवार को प्रधान विद्यावती देवी, उनके
समर्थकों और पुलिस के बीच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेवापुरी पर जमकर झड़प
हुई। आरोप लगाया गया कि बलमू की हत्या में उसके बड़े भाई नंदलाल के अलावा
उसके तीनों बेटे भी शामिल थे। पुलिस ने बलमू की बेटी सोनी पर दबाव बनाकर
अपने मनमाफिक तहरीर तैयार कराई और अंगूठा लगवाकर सिर्फ नंदलाल के खिलाफ
मुकदमा दर्ज किया। उधर, घटना को लेकर बनवासी बस्ती में तनाव बरकरार है।
कपसेठी
थाना क्षेत्र अंतर्गत भीखमपुर गांव की बनवासी बस्ती में बुधवार की शाम
शराब पीने के बाद मजदूरी में मिले रुपयों के बटवारे को लेकर बड़े भाई
नंदलाल बनवासी और छोटे बलमू उर्फ सिकंदर में मारपीट हो गई थी। आरोप है कि
इसी दौरान चली लाठी और फावड़े से बलमू की मौत हो गई और बीचबचाव कर रही उसकी
पत्नी गीता गंभीर रूप से घायल हो गई।
बलमू के बेटे कन्हैया,
पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह और नागेंद्र सिंह ने ग्राम
प्रधान के साथ पुलिस पर आरोप लगाया है कि हत्यारोपी गांव में ही घूम रहे
हैं लेकिन सूचना देने के बाद भी उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। उधर,
गीता की हालत अभी भी मंडलीय अस्पताल में गंभीर बनी हुई है। वहीं, सेवापुरी
पीएचसी पर पंचायतनामा भर रहे दरोगा बीआर सरोज ने सारे आरोपों को बेबुनियाद
बताया।