वाराणसी में गाने की रिकॉर्डिंग कर मऊ स्थित अपने घर लौटी भोजपुरी गायिका सोनी सिन्हा का मंगलवार रात किसी सिरफिरे ने उसके घर में ही गला काट दिया। सोनी सिन्हा को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहाँ से स्थिति गंभीर होने पर इलाज के लिए चिकित्सकों ने वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद से सोनी के जानने वाले और भोजपुरी जगत के लोगों का जमावड़ा जिला अस्पताल पर लग गया।
घटना के समय सोनी वाराणसी से बोल बम के गाने की रिकार्डिंग करके घर पहुंची थी। इस जानलेवा हमले के संबध में सोनी के परिवार के लोगों ने थाने में मुकदमा लिखने के लिए तहरीर दी। वहीं इस हमले से भोजपुरी जगत के कलाकारों में काफी आक्रोश है।
उन्होंने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। सोनी 2013 में महुवा चैनल पर आयोजित जिला टॉप कार्यक्रम में मऊ का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं। इसके साथ साथ कई भोजपुरी एल्बम और फिल्मों में बतौर सिंगर गाना भी गा चुकी है।