बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ तिराहा स्थित बीयर की दूकान के सेल्समैन अतुल जायसवाल को असलहा सटाकर चार बदमाशों ने गुरुवार रात करीब 10 बजे 25 हजार रुपये लूट लिए। यही नहीं, लूट के बाद भागते समय बदमाशों ने अतुल का दूकान में बंद कर उसका शटर गिरा दिया। दूकान में लगे दो सीसीटीवी कैमरे उखाड़ कर ले जाने के साथ-साथ वे अतुल के दो मोबाइल भी छीन ले गए। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दूकान को शटर उठाकर अतुल को बाहर निकाला।
हरहुआ तिराहे पर सकलडीहा के कृष्ण कुमार जायसवाल की बीयर की दूकान है। उनकी दूकान पर उनके गांव का ही अतुल सेल्समैन है। गुरुवार रात 10 बजे के लगभग एक युवक आया और उसने अतुल से बीयर माँगी। अतुल के फ्रीजर खोलते ही बीयर मागने वाला युवक और तीन अन्य युवक दूकान में घुस गए। एक ने अतुल की कनपटी पर असलहा सटा दिया। साथ ही गल्ले में रखे बिक्री के 20 हजार और अतुल की जेब में मौजूद पांच हजार रुपया छीन लिया। चारों ने अतुल को जान से मारने की धमकी देते हुए चुप रहने को कहा और दूकान के भीतर उसे धकेलकर शटर गिराकर भाग निकले।
घटना का दिलचस्प पहलू यह भी है कि एक तरफ लूट की घटना हो रही थी और दूसरी तरफ बड़ागांव थाने में प्रभारी की तैनाती की जा रही थी। घटना से कुछ समय पहले एसएसपी आकाश कुलहरि ने विजय प्रताप सिंह को बड़ागांव थाना प्रभारी बनाया था। लूट की घटना के बाद यदि कोई बदलाव नहीं हुआ तो विजय प्रताप शुक्रवार को चार्ज लेंगे। लूट का खुलासा करना उनका पहला टास्क होगा।
सूचना देेने के लगभग 45 मिनट बाद बड़ागांव थाने से एक सिपाही मौके पर आया और जानकारी लेकर वापस चला गया। हल्का प्रभारी और प्रभारी थानाध्यक्ष मौके पर नहीं पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे बाद एसपी ग्रामीण आशीष तिवारी ने मौका-मुआयना किया। तिवारी ने हल्का प्रभारी और प्रभारी थानाध्यक्ष को जमकर फटकार लगाई। कहा कि दोनों पर कार्रवाई के लिए वह एसएसपी को संस्तुति करेंगे।