वाराणसी-छपरा रेलखंड के बांसडीहरोड- सहतवार रेलवे स्टेशन के बीच कुसौरा गांव के पास सोमवार की सुबह रेलवे ट्रैक पर दो युवकों का क्षत विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के घरवालों ने पहचान की। मालूम हो कि बासडीहरोड थाना क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी बड़क राय (20) एवं छोटक राय (19) टेम्पो चलाकर अपने परिवार का खर्चा चलाते थे।
मृतक की मां प्रमिला देवी की तबीयत खराब चल रही थी, जिनका इलाज वाराणसी बीएचयू में चल रहा था। मां का इलाज के लिए दोनों भाई पैसा जुटा रहे थे। बताया जा रहा है कि बीमारी के इलाज के लिए लाखों रुपए की जरूरत थी। पैसा जब नहीं जुटा तो परिवार में कलह हो गया।
शाम को दोनों भाई घर से निकल गए, जो वापस लौटकर नहीं आए। सुबह उनकी लाश रेलवे ट्रैक पर मिली। लोगों का कहना है कि दोनों सगे भाई बीमार मां के इलाज के लिए पैसा नहीं जुटा पाए, इसलिए खुदकुशी कर ली।
घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के भांजा श्रीराम तिवारी ने शव का शिनाख्त की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।