बाबतपुर एयरपोर्ट की कैंटीन के कर्मचारी धीरज सिंह उर्फ कल्लू (27) के गोली मारकर मंगलवार रात बदमाशों ने हत्या कर दी।
वारदात को मंगारी स्थित कल्लू के घर से कुछ दूरी पर अंजाम दिया गया।
घर वाले कल्लू को अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर शव कब्जे में लेने पहुंची पुलिस से ग्रामीणों की जमकर नोकझोंक हुई।
एसएसपी ने विधायक अजय राय को आश्वस्त किया कि 15 दिन में हर हाल में हत्यारे गिरफ्त में होंगे तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस जमीन विवाद, पारिवारिक विवाद, पुरानी रंजिश और आशनाई को कारण मानकर तफ्तीश में जुटी हुई है। वहीं, जिस तरीके से कल्लू के सीने पर अंधेरे में सटीक निशाना लगाया गया है उसे देखते हुए पुलिस का मानना है कि वारदात को पेशेवर शूटर ने अंजाम दिया है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के मंगारी निवासी धीरज सिंह बाबतपुर एयरपोर्ट परिसर स्थित रेस्टोरेंट में काम करता था। मंगलवार की रात रेस्टोरेंट से कल्लू साइकल से अपने घर जा रहा था।
बताया जाता है कि वह घर से लगभग पचास मीटर दूर पहुंचा होगा तभी सरसों के खेत में छुपे बदमाश ने दो राउंड फायरिंग की और कल्लू पगडंडी पर गिरकर तड़पने लगा।
घटनास्थल के आसपास खेत में शौच कर रही महिलाओं ने शोर मचाया तो कल्लू के घर वाले और ग्रामीण मौके की ओर भाग कर आए। डॉक्टरों के अनुसार एक गोली कल्लू के सीने के बाएं हिस्से में आर-पार कर गई है जबकि दूसरी का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से लगेगा।
उधर, घटना की जानकारी पाकर मंगारी गांव के कई ग्रामीण अस्पताल पहुंच गए और इसी बीच कांग्रेस विधायक अजय राय भी आए। शव कब्जे में लेने आई पुलिस से सभी का कहना था कि पहले हत्यारों की गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को मुआवजा मिले।