कानपुर में ट्रेन हादसे के बाद वाराणसी-जफराबाद रेल प्रखंड पर जलालगंज स्टेशन के पास सई नदी पुल पर पत्थर रखकर ट्रेन को गिराने की साजिश की जांच शुरू हो गई है।
एटीएस की टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कानपुर ट्रेन हादसे के बाद खुफिया एजेंसियों ने जनवरी में ही अलर्ट जारी किया था। जिसमें यह कहा गया था कि कुछ संदिग्ध संगठनों ने युवकों को पैसे का लालच देकर रेल लाइन की चाभी खोलने और ढीला करने के लिए लगा रखा है।
जलालगंज और सिरकोनी के बीच सई नदी पुल पर पत्थर पर रखकर ट्रेन को नदी में गिराने का प्रयास इन आशंकाओं को बल दे रहा है।
खुफिया एजेंसियों के इनपुट के बाद केराकत थाना क्षेत्र के पौनी गांव के एक युवक को पकड़ा भी गया था लेकिन बाद में पूछताछ कर उसे छोड़ दिया गया।
इस बीच एटीएस की एक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। इसके बाद टीम पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर लौट गई।