वाराणसी से रुड़की जा रहे सैन्यकर्मी से बाइक सवार बदमाशों ने जौनपुर में गनप्वाइंट पर लेकर असलहे की नोक पर जमकर लूटपाट की। बदलापुर थाना क्षेत्र के फत्तूपुर के पास कार में सवार सैन्यकर्मी की पत्नी और साली के गहने उतरवा लिए और नकदी समेत पर्स, लैपटाप आदि लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित की सूचना पर बदलापुर पुलिस अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के अल्लोपुर निवासी राजकिशोर सिंह (35) सेना में लांस नायक के पद पर तैनात है। मौजूदा समय में राजकिशोर की तैनाती रुड़की स्थित ट्रेनिंग सेंटर में है।
वह छुट्टी लेकर घर आए थे और रविवार को परिवार के साथ कार से ड्यूटी पर जा रहे थे। कार में राजकिशोर के अलावा उनकी पत्नी पत्नी पूनम (32) और पत्नी की बहन सुमन (30) सुमन की बेटी नंदिनी, और राजकिशोर के पुत्र अंकित व मोनू सवार थे। रविवार को दोपहर वह जौनपुर-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बदलापुर थाना क्षेत्र फत्तूपुर रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचे।
उन्होनें कार सड़क किनारे लगाई और लघुशंका के लिए चले गए। वापस आकर वह जैसे ही ड्राइविंग सीट पर बैठ रहे थे कि पीछे की तरफ से बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे। राजकिशोर के मुताबिक एक बदमाश ने उन्हें और दूसरे ने उनकी पत्नी की कनपटी पर असलहा सटा दिया।
पत्नी से पर्स छीन लिया जिसमें 35 हजार रुपये थे। दोनों महिलाओं के शरीर से मंगलसूत्र, चेन, कान से टप्स आदि गहने उतरवा लिए। कार में रखा लैपटाप भी छीन लिया और सिंगरामऊ की तरफ फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार के साथ राजकिशोर बदलापुर थाने पहुंचे और घटना की सूचना दी।
सूचना पर पुलिस ने सिंगरमऊ, महराजगंज, बदलापुर आदि थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कराकर छानबीन की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। सीओ उमाशंकर सिंह का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।