बारात में सबकुछ सही था। बैंज बाजा चल रहा था। बारात के जाते ही बैंड बजाने वाले के दोस्त पर नशा कुछ कदर हावी हुआ कि वो कांड कर बैठा। गाजीपुर में रविवार देर रात बारात में बैंड बाजा बजाने वाले की उसके ही दोस्त ने फावड़े से काटकर हत्या कर दी।
आरोपी चुपचाप शव को ठिकाने लगाने जा रहा था कि तभी ग्रामीणों ने उसे देख लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। भांवरकोल थाना क्षेत्र के धनेठा गांव के बाहर रविवार की देर रात बदमाशों ने बारात में बैंड बजाने वाले मुस्तफा (45) की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी।
कठार गांव निवासी मुस्तफा (45) बैंड पार्टी में बाजा बजाने का काम करता था। देर शाम वह बाजा बजाने के लिए अपनी बैंड पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ धनेठा गांव पहुंचा। बाजा बजाने के बाद बारात के साथ बैंड पार्टी के अन्य सदस्य रवाना हो गए। वहीं मुस्तफा उसी गांव के कुछ लोगों के साथ बैठक नशीले पदार्थ का सेवन करने लगा।
इसके बाद रात साढ़े 11 बजे गांव की एक महिला ने अपनी छत से देखा कि एक व्यक्ति किसी के शव को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहा है। महिला के शोर मचाने पर ग्रामीण घटना स्थल के पास पहुंचे। वहां पहुंचकर ग्रामीण हक्का बक्का रह गए। उन्होंने देखा की एक युवक शव पड़ा हुआ है।
हत्या करने वाला आरोपी ग्रामीणों को आता देख उनके उपर ईंट-पत्थर चलाने लगा। ग्रामीणों ने आरोपी को चारों तरफ घेर लिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकरी होते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हत्या आरोपी को धर दबोचा और शव को कब्जे में ले लिया।
साथ ही हत्या में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने घटना स्थल से बरामद कर लिया। पुलिस ने सोमवार सुबह इस घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धनेठा गांव के चौकीदार अवधेश पासवान की तहरीर पर पुलिस ने पकड़े गए आरोपी राहुल राय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है।
इस संबंध में मुहम्मदाबाद सीओ जर्नादन दूबे ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों ने एक साथ नशीला पदार्थ का सेवन किया था। इसके बाद दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और आरोपी ने फावड़े से प्रहार कर मृतक की हत्या कर दी।