दो डायरेक्टर के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज
कैंट थाने में मंगलवार को आगरा के सिकंदरा स्थित बिटिया एजुकेशनल फाउंडेशन एनजीओ के डायरेक्टर आकाशदीप दूबे और नीता सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला एनजीओ में नौकरी देने से जुड़ा है।
कैंट थाने पहुंचीं खुशबू निशा, सुप्रिया सिंह, इमरान फरहत और नीलू जायसवाल ने बताया कि गत दिनों फाउंडेशन का विज्ञापन निकला था। जिला स्तरीय पदों पर भर्ती की बात कही गई थी।
चारों ने आवेदन किया और मार्च से एनजीओ के लिए वाराणसी में काम करना शुरू किया। एनजीओ के डायरेक्टरों के आश्वासन पर लालपुर में किराए पर मकान लेकर कार्यालय खोला।
चारों से ज्वाइनिंग के समय एनजीओ की ओेर से तीन-तीन हजार रुपये जमा कराए गए। अब मई बीतने को है लेकिन न तो तनख्वाह दी जा रही है, न ही कार्यालय का किराया। बताया कि चारों ने कार्यालय के लिए मकान मालिक को एडवांस भी दिया था।
अब एनजीओ के डायरेक्टर और अन्य लोग फोन नहीं रिसीव कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक कैंट फरीद अहमद ने बताया कि चारों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।