वाराणसी के सिगरा थाना अंतर्गत मरी माई तिराहा और अंधरापुल के बीच ऑटो सवार महिला का पर्स लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से उसके गर्दन पर बने बिच्छू के टैटू के आधार पर गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की शिनाख्त चंदौली के रामपुर के मूल निवासी और नाथूपुर जलालीपट्टी में किराये पर कमरा लेकर रहने वाले निरंजन सेठ के तौर पर हुई है। प्रकरण में उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। निरंजन के पास से महिला के 9100 रुपये, उनका पर्स और वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद हुआ है।
इंस्पेक्टर सिगरा आशुतोष कुमार ओझा ने बताया कि बीती सात दिसंबर को नई दिल्ली से आई ऑटो सवार एक महिला का पर्स लूट लिया गया था। सूचना के आधार पर कैंट रोडवेज चौकी इंचार्ज मिर्जा रिजवान बेग ने सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से निरंजन के गले पर बने बिच्छू की मदद से उसको चिन्हित कर पकड़ा।