गैर इरादतन हत्या के आरोप में जेल में है आरोपी
- फोटो : फाइल फोटो
मिर्जापुर जिला जेल के बैरक नंबर दो में गैर इरादतन हत्या के आरोपी एक बंदी ने अच्छा खाना और मोबाइल फोन की मांग पूरी नहीं करने पर गुरुवार की सुबह जेलर पर हमला कर दिया। बंदी रक्षकों ने आरोपी को दबोचकर दूसरे बैरक में बंद कर दिया।
कटरा कोतवाली क्षेत्र की नई बस्ती नटवां निवासी दिनेश शर्मा को गैर इरादतन हत्या के आरोप में सात फरवरी 2016 को देहात कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
बैरक नंबर दो में बंद दिनेश कुछ दिनों से जेलर से अच्छा खाना उपलब्ध कराने की मांग कर रहा था।
नौ फरवरी की सुबह जेलर ने बैरक नंबर दो के बंदियों को गिनती के लिए लाइन में खड़ा किया गया तो दिनेश ने उनसे मोबाइल फोन, अच्छा खाना मुहैया कराने की मांग की।
मना करने पर वह जेलर पर हमला करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। बंदी रक्षकों ने दबोचकर उसे दूसरे बैरक में बंद कर दिया। जिला कारागार के जेलर डा. समर बहादुर सिंह ने बताया कि बंदी को दूसरे बैरक में बंद करने की कार्रवाई की जा रही है।