बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र के मसूरिया गांव में मंगलवार की रात अज्ञात लोगों द्वारा एक विवाहिता की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। युवती का शव उसके चाचा के डेरे पर बुधवार की सुबह मिला। मौके पर पहुंची भीमपुरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं परिजनों की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। पुलिस मामले को प्रेम-प्रपंच समेत कई बिंदुओं से जोड़कर जांच में जुटी है। विवाहिता रंजना(25) के चेहरे पर इस तरह प्रहार किया गया था, ताकि उसकी पहचान न हो सकें।
बुधवार की सुबह जब युवती के चाचा हरिलाल डेरा पर पहुंचे तो भतीजी का शव देखा। उनकी चीख सुन आसपास के लोग घटना स्थल पर इक्कठा हो गए और पुलिस एवं उसके ससुराल वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही मृतिका का पति विशाल एवं ससुराल के लोगों के साथ ही भीमपुरा थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। मृतिका के भाई सुजीत के तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस बाबत एसपी रामप्रताप सिंह ने कहा कि आरोपी शीघ्र ही पुलिस के गिरफ्त में होंगे।
रंजना की शादी गतवर्ष 19 अप्रेल को नगरा थाना क्षेत्र के पड़री निवासी विशाल के साथ हुई थी। 15 फरवरी को उसका गौना होना तय था। रात में रंजना जहां सोई थी, उस घर के बरामदे में उसका छोटा भाई सुजीत भी सोया हुआ था। ऐसे में लोगों के जेहन में एक ही सवाल घूम रहा है कि रंजना गांव से 500 मीटर दूर अपने चाचा के डेरे पर कैसे पहुंची और उसकी निर्मम हत्या किसने की? या फिर उसकी हत्या कर शव वहां क्यों फेंका गया। आखिर कौन सी रंजिश थी कि हत्यारे ने उसके चेहरे को ऐसा करने का प्रयास किया कि उसकी पहचान न हो सके।