वाराणसी। पतंग लूटने के चक्कर में कुएं में गिरकर घायल मासूम सुहेल की पं. दीनदयाल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। कैंट क्षेत्र के पांडेयपुर में शुक्रवार सुबह हुई इस घटना के बाद मोहल्ले में शोक है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पांडेयपुर निवासी बिजली मिस्त्री मुहम्मद असलम के दो पुत्रों में बड़ा सुहेल (6) प्राथमिक विद्यालय में कक्ष दो में पढ़ता था। छोटा बेटा साहिल (4) भी इसी स्कूल का छात्र है।
शुक्रवार सुबह साढ़े दस बजे सुहेल अन्य बच्चों के साथ खाली पड़े एक प्लाट में खेल रहा था। उसी दौरान कटकर गिरे पतंग को लूटने के चक्कर में सुहेल समेत अन्य बच्चे दौड़ पड़े। इसी बीच सुहेल प्लाट के बीच मौजूद कुएं में गिर गया।
अन्य बच्चों ने घर वालों को इसकी जानकारी दी। परिवार और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से सुहेल को कुएं से निकाला गया। वह घायल हो गया था। उसे पं. दीनदयाल अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान सुहेल की मौत हो गई।