मिर्जापुर में कक्षा 10 के छात्र की चाकू से गोद कर नृशंस हत्या कर उसकी लाश झाड़ियों में फेंक दी गई। पालिटेक्निक कॉलेज के मैदान में रविवार की रात छात्र की बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश शव को वहां से दो सौ मीटर दूर आईटीआई हॉस्टल के पीछे झाड़ियामें फेंक कर फरार हो गए।
सुबह कॉलेज के छात्रों की सूचना पर पहुंची कटरा कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्यारे कितने गुस्से में थे, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उस उसके बदन पर चाकू के 70 निशान पाए गए हैं। नाजुक अंगों पर भी प्रहार किया गया है। हत्या के पीछे आशनाई की आशंका जताई जा रही है।
विंध्याचल थाना क्षेत्र के अतरैला गांव निवासी संतोष कुमार का पुत्र अभिषेक मौर्या (16) आवास विकास कालोनी स्थित गुरुनानक इंटर कॉलेज में कक्षा दस का छात्र था। वह दो माह से आईटीआई कॉलेज के शिक्षक अभिषेक सिंह के साथ टंडनपुरी कॉलोनी में किराये के कमरे में रह रहा था।
उसके साथ रहने वाले शिक्षक अभिषेक सिंह ने बताया कि छात्र रविवार सुबह भोजन करके निकला और उसके बाद नहीं लौटा। शाम 7ः30 बजे छात्र ने उन्हें फोन कर कमरे में लौटने के बारे में जानकारी ली थी।
साढ़े आठ बजे रात अभिषेक कमरे पर पहुंचा तो छात्र वहां नहीं था। उसके मोबाइल मिलाया लेकिन फोन बंद था। उसके बाद उसने परिवार वालों को अभिषेक के कमरे पर नहीं आने और फोन बंद होने की सूचना दी।
फोन आने के बाद लोग उसकी खोजबीन में जुट गए। रिश्तेदारों को फोन किया लेकिन कुछ पता नहीं चला। सोमवार की सुबह सात बजे रूममेट शिक्षक ने ही घर वालों को फोन पर छात्र अभिषेक की लाश आईटीआई हॉस्टल के पीछे एक झाड़ी में होने की सूचना दी।
बेटे की हत्या की खबर से बदहवास घर वाले घटना स्थल पर पहुंचे। मृतक के पिता संतोष कुमार की तहरीर पर कटरा कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उसके फोन की डिटेल से एक लड़की से लगातार बात करने की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर वह आशनाई का मामला मानकर जांच कर रही है।