बलिया जिले के बुढ़ऊ गांव में एक विवाहिता को ससुरालीजनों द्वारा जलाकर मार देने के आरोप में पुलिस ने सास,ससुर और ननद पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।गुरुवार को हुए इस घटना को लेकर विवाहिता के मायके वालों ने पुलिस को तहरीर दिया है।
अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस अधीक्षक राम प्रताप सिंह तत्काल आरोपियों की गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। बता दें कि रेवती थाना क्षेत्र के रेखहां गांव निवासी प्रांजलि की शादी गड़वार थाना क्षेत्र के बुढ़ऊ गांव निवासी दीपक से तीन वर्ष पूर्व हुई थी। उन दोनों की एक पुत्री भी है।
मृतिका के पिता रामेश्वर सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि ससुराल वाले कई दिनों से दहेज को लेकर उत्पीड़न कर रहे थे। बावजूद पुत्री हम लोगों से कुछ नहीं कहती थी।
लेकिन गुरुवार को सास-ससुर व ननद ने हमारी पुत्री के शरीर पर मिट्टी का तेल उड़ेल जलाकर मार दिया। जब ग्रामीणों से घटना की जानकारी हुई तो हमने 100 नंबर पर तत्काल सूचना दी। जब तक पुलिस पहुंचती, तब तक उसका पूरा शरीर जल चुका था। पुलिस को मात्र उसकी जली खोपड़ी ही हाथ लगी।
वहीं घटना के बाद से सास-ससुर व ननद फरार है।
सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी व थानाध्यक्ष गड़वार नेघर में जाकर मामले की छानबीन की। तत्पश्चात एसपी ने एसओ को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिया। लेकिन 72 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।