टी-सीरीज म्यूजिक कंपनी के अधिकारी ने तीन के खिलाफ लंका थाने में दर्ज कराया केस
- फोटो : demo
वाराणसी में बगैर लाइसेंस के नामीगिरामी म्यूजिक कंपनियों के गाने और वीडियो एलबम मोबाइल शॉप संचालक पेन ड्राइव और मेमोरी कार्ड में डाउनलोड करने का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।
ऐसे ही एक मामले को लेकर मंगलवार को टी सीरीज म्यूजिक कंपनी के अधिकारी संदीप सिंह ने लंका के माधव मार्र्केट स्थित न्यू वाइस टू वाइस मोबाइल शॉप के संचालक भगवानपुर निवासी मनीष वर्मा और उसके यहां काम करने वाले आकाश व बंटी के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट के उल्लंघन में लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
संदीप सिंह ने बताया कि वे माधव मार्केट स्थित न्यू वाइस टू वाइस मोबाइल शॉप पर पहुंचे और आठ जीबी का मेमोरी कार्ड खरीदा। दूकानदार ने उनसे मेमोरी कार्ड में गाने और वीडियो डाउनलोड कराने की पेशकश की तो उन्होंने करा लिया।
इसके बाद वे लंका थाने पहुंचे और मुकदमा दर्ज कराया। संदीप सिंह ने कहा कि अन्य दूकानदारोें के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।