शाहगंज। मिर्जा अनवर बेग इंटर कालेज उसरहटा से बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों को गुरुवार की रात चुराने का प्रयास किया गया। चपरासी के शोर मचाने पर चोर भाग गए। भागते समय उनकी बाइक छूट गई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
प्रधानाचार्य के कार्यालय में रखे प्रश्न पत्रों की चोरी के लिए गुरुवार की रात दरवाजे का ताला काटकर युवक दाखिल हुए। आलमारी का ताला काटते वक्त खटखटाहट की आवाज सुनकर सामने कमरे में मौजूद चपरासी मो. राशिद ने शोर मचाया। इस पर चोर दीवार फांदकर भाग गए। भागते समय उनकी बाइक मौके पर ही छूट गई थी। सूचना पर पहुंचे प्रधानाचार्य ने मामले की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल की पड़ताल कर बाइक को कब्जे में लेकर जांच में जुटी है। चपरासी की सजगता से चोर घटना को अंजाम नहीं दे सके। चपरासी मो. राशिद ने बताया कि दो चोर थे। गौरतलब है कि बोर्ड परीक्षा के लिए आए प्रश्न पत्र की सुरक्षा के लिए प्रधानाचार्य शहंशाह आलम ने कोतवाली पुलिस को पत्र देकर सुरक्षा की मांग की थी लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।