रामगढ़। हल्दी थाना क्षेत्र के रामगढ़ ढाले पर स्थिति एक सराफा की दूकान में शनिवार की रात चोरों ने लोहे के फाटक का ताला तोड़कर नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी दूकानदार को रविवार की सुबह दूकान खोलने के दौरान हुई। दूकान का ताला टूटा देखकर दूकानदार के होश उड़ गये। पीड़ित ने तत्काल पुलिस चौकी व हल्दी एसओ को सूचना दी। पीड़ित के तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन में जुट गयी।
रामगढ़ ढाले पर स्थित सिंह कटरे में विनोद सोनी की पन्ना ज्वेलर्स के नाम से दूकान है। प्रतिदिन की भांति दूकानदार दूकान बंदकर शनिवार की शाम घर चला गया। इसीबीच चोराें ने रात में दूकान के फाटक का ताला तोड़ 83 हजार रुपये नकदी और दो लाख के सोने व चांदी के गहने पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पर पहुंचे हल्का इंचार्ज फुलचंद यादव ने मौके का निरीक्षण किया और उच्चाधिकरीयों को अवगत कराया। एसपी के निर्देश पर डाग स्क्वायड प्रभारी अशोक यादव व फोरेंसिक जॉंच टीम के प्रभारी आरबी सिंह यादव ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उधर लोगों का कहना है कि इससे पहले भी कई दूकानों और गुमटियों का ताला तोड़कर चोरी की गई। लेकिन आज तक पुलिस खुलासा नहीं कर सकी। लगातार चोरी के घटना के बाद लोगों में यहा चर्चा है कि आखिर पिकेट पर ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मी कहां थे। अगर ड्यूटी पर थे तो उनको घटना की जानकारी क्यों नहीं हुई।
इस बाबत सीओ बैरिया उमेश कुमार ने बताया की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। शीघ्र ही मामले का खुलासा किया जायेगा ।