वाराणसी। बीएचयू में चल रहे अंतर छात्रावास क्रिकेट (पुरूष) प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में सोमवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में सिटी डेलीगेसी और दूसरे मैच में एलबीएस हॉस्टल की टीम ने जीत दर्ज किया। उधर महिला क्रिकेट में नाइटेंगल हॉस्टल की टीम ने शानदार जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
सिटी डेलीगेसी और बिरला बी हॉस्टल के बीच हुए पहले मैच में टास जीतकर सिटी डेलीगेसी ने बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 10 ओवर में सिटी डेलीगेसी की टीम ने 106 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिरला बी की पूरी टीम आठ विकेट पर 99 रन ही बना सकी। इसमें नटवर लाल ने सर्वाधिक 56 रन बनाया। दूसरा सेमीफाइनल मैच एएनडी हॉस्टल और एलबीएस हॉस्टल के बीच खेला गया। बल्लेबाजी करते हुए एएनडी ने 45 रन बनाए। जवाब में एलबीएस छात्रावास की टीम ने 46 रन बनाकर मैच जीत लिया। उधर, महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे और चौथे स्थान के लिए भारतेन्दु छात्रावास एवं नाइटेंगल छात्रावास के बीच मैच खेला गया। जिसमें भारतेन्दु छात्रावास ने पहले बल्लेबाजी करते हुये 43 रन का लक्ष्य दिया जबकि दूसरी पारी में नाइटेंगल छात्रावास की टीम महज 3.4 ओवर में ही 45 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैच का संचालन विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने किया।
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद की ओर से चल रहे प्रथम पंडित मदन मोहन मालवीय हॉकी प्रतियोगिता के छठे दिन के पहले मैच में डीएलडब्ल्यू की टीम को वॉक ओवर मिल गया। यूपी हॉस्टल की टीम के साथ मैच होना था लेकिन यह टीम सोमवार को आ न सकी। दूसरा मैच बीएचयू और बीएनएस के बीच हुआ। इसमें मध्यांतर तक दोनों टीमें 1-1 अंक पर रही। मैच के अंपायर विष्णु यादव, महेन्द्र कोरियन रहे।