गोरिया बाजार(आजमगढ़)। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के शांतिपुर पथरपुरवा गांव में शनिवार की शाम सास और बहू के झगड़े को लेकर पुत्र ने पिता की पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने बेटे और बहू के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस बहू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली गई है।
शांतिपुर पथरपुरवा गांव निवासी जगपत राम (70) के पहली पत्नी के मर जाने पर उसकी बहन सुशीला देवी से शादी कर ली।
पहली पत्नी से उसे दो बेटे रामबचन और रामधनी हैं। इनमें से एक पंजाब में रहता है। जबकि दूसरा गांव में ही अलग मकान में रहता है। जगपत सुशीला उसके बेटे रामजतन (40) और बहू सरिता के साथ रहता था। रामजतन की महराजगंज बाजार में दुकान है। शनिवार की देर शाम किसी बात को लेकर सास सुशीला और बहू सरिता में झगड़ा होने लगा। तभी जगपत और रामजतन भी पहुंच गए। पिता-पुत्र दोनों अपनी पत्नियों के पक्ष में खड़े लड़ने और थोड़ी ही देर में उनमें मारपीट हो गई। दोनों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों घायल हो गए। मौके पर जुटे ग्रामीण बीच बचाव कर घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि जगपत राम की मौत हो गई। पुलिस ने रामजतन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। बेटे और बहू के विरुद्ध दी गई सुशीला की तहरीर पर पुलिस ने गैरइरादतन हत्या का केस दर्ज कर बहू सरिता को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामूली विवाद में पिता-पुत्र के बीच मारपीट हुई थी। जिसमें सिर में चोट लगने से पिता जगपत की मौत हो गई। जबकि बेटे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। रामजतन की पत्नी सरिता को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।