मेंहदावल। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली में सुपरवाइजर ग्राउंड स्टॉफ की नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों ने नगर पंचायत मेंहदावल के केवटलिया अव्वल मोहल्ले के युवक से करीब चार लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित युवक ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित लवकुश पुत्र बाबूलाल ने बताया कि उसने दो वर्ष पूर्व ही एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के तहत इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा दिल्ली में सुपरवाइजर ग्राउंड स्टॉफ पद के लिए आवेदन किया था। जालसाजों ने उसे अपने झांसे में ले लिया।
14 दिसंबर 2017 को उसे नियुक्ति पत्र जारी कर दिया। नियुक्ति से वह काफी खुश था। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद उसके पास एक मोबाइल नंबर से फोन आया। उसने सिक्योरिटी के रूप में 25500 रुपये बैंक खाते में जमा करने को कहा गया।
नौकरी के लालच में उसने तुरंत बताए गए बैंक खाते में पैसा जमा कर दिया। इसके बाद कभी एक इंश्योरेंस फार्म भेजकर इंश्योरेंस कराने के नाम पर, स्वीकृति पत्र जारी कराने के नाम पर, सत्यापन कराने के नाम पर, शैक्षिक प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराने के नाम पर विभिन्न खातों में पैसा जमा करवाया गया।
पीड़ित युवक ने बताया कि उसको ज्वाइनिंग कराने के लिए लखनऊ बुलाया गया था। उसके लखनऊ पहुंचा और उक्त मोबाइल नंबरों पर काल किया तो पुन: 40 हजार रुपये की व्यवस्था करने को कहा गया। इस पैसे की तत्काल कोई व्यवस्था नहीं होने का जवाब सुनकर ठगों ने उसको वापस घर पर भेज दिया।
इसके बाद उसको अपने नियुक्ति पत्र पर संदेह होने लगा। उसने अपने नियुक्ति पत्र की जांच करवाई, तो सभी फर्जी व कूटरचित मिला। इसके बाद पीड़ित युवक ने परेशान होकर ठगों से हड़पे हुए पैसे की मांग की, तो उक्त ठगों ने हड़पे पैसों का भुगतान करने से मना कर दिया। पीड़ित युवक ने ठगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई।