लोहता इलाके में गुरुवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे कार और पल्सर में हुई भिड़ंत में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चांदपुर से भदोही जाने वाले सड़क मार्ग पर एस्सआर पेट्रोल पंप के पास हुए हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा है।
गुरुवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे चांदपुर से भदोही की तरफ जा रही कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पहले एक साइकल सवार को ठोकर मारी। उसके बाद पल्सर सवार को फिर जाकर सड़क किनारे खाई में गिरकर एक पेड़ से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की ड्राइविंग सीट के साथ आगे बैठे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे की सीट पर बैठे दो लोग बुरी तरह घायल हैं। हादसे के समय फुलवरिया निवासी चुन्नू लाल (40) अपनी पान की दूकान बंद कर साइकल से घर जा रहा था। इसी बीच तेज रफ्तार से आई कार उसकी साइकल से टकरा गई।
चुन्नू लाल वहीं गिर गया। तुरंत बाद अनियंत्रित कार विपरीत दिशा से आ रही पल्सर से टकराकर खाई में गिर गई। पल्सर सवार दोनों युवकों को गंभीर चोट आई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में सवार सभी को बाहर निकाला। एसओ लोहता के मुताबिक मरने वालों में लोहता के मुजम्मिल (24), अलावल लोहता निवासी गुलाम सरवर उर्फ मैनेजर (22) और साइकल सवार चुन्नू लाल शामिल हैं। घायल हमजा अली, गुलाम सरवर, फैजान अली का इलाज चल रहा है।