बभनी थाना क्षेत्र के असनहर गांव में रविवार की रात बारात लेकर जा रही पिकअप के अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार 18 लोग घायल हो गए। घायलों को ग्रामीणों और पुलिस की मदद से बभनी सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
घायल डगडउआ टोला निवासी शिव शंकर (19), चीकू टोला निवासी संदीप (10) और बभनी निवासी परमजीत (17) की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं परिवार वालों ने उन्हें छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया।
पिकअप चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया। बारात बभनी के चिकुटोला से पिण्डारी गांव जा रही थी कि असनहर गांव के समीप रविवार की रात्रि करीब नौ बजे अनियंत्रित होकर पिकअप पलट गई। इस दौरान पिकअप में सवार 18 लोग घायल हो गए।
लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इक्कठा हो गए। सूचना पर पहुंची बभनी पुलिस ने घायलों को बभनी सीएचसी में ले जाकर भर्ती कराया।
घायलों में डगडउआ टोला निवासी शिव शंकर (19), सुभाष (17), सुरेश (16), संतोष कुमार (20), नंद बिहारी (17) और शंभू (20), चीकू टोला निवासी संदीप (10), अजय कुमार (11), भरत (10), संजय कुमार (22) और महेश (13), बभनी निवासी परमजीत (17), पतेरीटोला निवासी जीव लाल (23), धनबहवा टोला निवासी अरविंद कुमार (21), मनबसा निवासी अजय कुमार (11), करकच्छी निवासी जामुन (35), भलपहरी निवासी नयन सिंह (19) एवं कुदरी निवासी संतोष कुमार (20) शामिल हैं।