बढुआ गोदाम (मऊ)। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित पुलिया के पास बुधवार की रात बारह बजे के करीब एक अनियंत्रित बोलेरो पुलिया के नीचे दस फुट गहरी खाई में पलट गई। दुर्घटना में बोलेरो में सवार चार लोग गंभीर रूप घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छोड़ दिया गया।
आजमगढ़ जिले के अजमतगढ़ थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी अनुज सिंह (28) पुत्र प्रमोद सिंह अपने गांव के ही वीरेंद्र (34) के साथ अपने दोस्त की बरात में मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सलहाबाद गांव आए थे। बरात में शामिल होने के बाद दोनों लौटने लगे तो बरात में आए मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के बरारी गांव निवासी अरुण कनौजिया (22) और रामदुलारे मौर्य (41) और दो अन्य व्यक्ति बोलरो में बैठ गए। बोलेरो सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के पास पहुंची कि अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे दस फुट गहरी खाईं में पलट गई। हादसे में बोलेरो में सवार अनुज सिंह, वीरेंद्र, अरुण कनौजिया और राम दुलारे गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि दो अन्य को मामूली चोट आई। रात में उधर से गुजर रहे एक व्यक्ति ने घायलों की कराह सुनकर यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चारों घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें रामदुलारे को छोड़ तीनों घायलों को आजमगढ़ स्थित अस्पताल ले जाया गया।