वाराणसी। पुरानी योजनाओं का अध्ययन कर उनके जरिए वाराणसी के विकास की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। केंद्र सरकार के अलग अलग मंत्रालयों की ओर से मांगे गए आगामी पांच साल के विकास कार्य के प्लान पर जिला प्रशासन पुरानी तैयार योजनाओं, परियोजनाओं और प्रस्तावों का भी अध्ययन कर रहा है। उसके जरिए वाराणसी की जरुरतों आदि को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। पुराने प्रस्तावों के आधार पर ही कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए दोबारा प्रयास शुरू कर दिया गया है।
केंद्र में सरकार गठन के बाद अलग अलग मंत्रालयों ने स्थानीय प्रशासन से आगामी पांच साल के विकास का प्रस्ताव मांगा है। इसमें प्रस्ताव मिलने के बाद मंत्रालयों की टीम उसका स्थलीय निरीक्षण कर निर्णय लेगी। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि पिछले 20-25 साल पहले वाराणसी के विकास को लेकर बनाई गई परियोजनाओं और योजनाओं का अध्ययन किया जा रहा है। इसमें यह देखा जा रहा है कि पुराने समय में बनाई गई कई परियोजनाएं धरातल पर नहीं उतर पाई। ऐसे में उनकी उपयोगिता और उससे शहर के विकास का अध्ययन कराया जा रहा है। एक सप्ताह में पूरी रिपोर्ट तैयार करा ली जाएगी।