सारनाथ। अकथा क्षेत्र की आनंद विहार कॉलोनी निवासी बैंक मैनेजर के घर में मंगलवार की रात घुसे बावरिया गिरोह के बदमाश सवा लाख रुपये और एक लाख से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए। सूचना पाकर बुधवार को पुलिस ने कॉलोनी के सीसी कैमरों को खंगाला तो रात 1:55 बजे पांच लोग जांघिया पहन कर कमर में गमछे में बांका बांधे हुए हाथ में गुलेल लेकर टहल रहे थे। कुछ दिनों पहले सारनाथ क्षेत्र की कृष्णा नगर कॉलोनी में भी बावरिया गिरोह के बदमाशों को टहलते देखा गया था।
पहड़िया से बेला रोड पर स्थित आनंद विहार कॉलोनी में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया आजमगढ़ के प्रबंधक राजकुमार का मकान है। रात में पांच लोग चहारदीवारी फांद कर पीछे की खिड़की की ग्रिल निकाल कर मकान में घुसे। बदमाशों ने आलमारी में रखी नगदी और जेवर समेट लिया। इसके बाद पीछे के ही रास्ते से वापस लौट गए। बुधवार की सुबह बैंक मैनेजर की पत्नी अंजली ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह नॉयलान की रस्सी के सहारे बाहर से बांधा गया था। इंस्पेक्टर सारनाथ ने बताया कि चोरी का मुकदमा दर्ज कर सीसी कैमरे में कैद चेहरों की तलाश की जा रही है।
-----------
लंका और शिवपुर में तीन मकान से नगदी और जेवर चोरी
वाराणसी/शिवपुर। लंका और शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित तीन मकान से चोर नगदी और जेवर चुरा ले गए। बुधवार की सुबह भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर वापस लौट गई।
लंका थाना अंतर्गत डाफी क्षेत्र की अशोकपुरम कॉलोनी में रहने वाली उर्मिला देवी के बंद मकान से चोर 60 हजार रुपये और दो लाख से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए। इसके साथ ही मकान के दूसरे तल में रहने वाले बैंक मैनेजर के घर से चोर 20 हजार रुपये चुरा ले गए। बुधवार को उर्मिला वापस लौट कर आईं तो चोरी का पता लगा। चोरी की घटना घर में लगे सीसी कैमरे में कैद है। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि पुलिस की गश्त बढ़ा कर चोरी और छिनैती की घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए। उधर, शिवपुर थाना अंतर्गत इंद्रपुर गांव निवासी किसान के घर में रखे एक लाख 20 हजार रुपये और चार लाख से ज्यादा कीमत के जेवर चोर चुरा ले गए। किसान ने अपने बेटे पर ही चोरी करने का आरोप लगाया है।
---------
वैन की बैटरी चोरी, स्कूल नहीं जा पाए बच्चे
वाराणसी। महेशपुर क्षेत्र की शिव नगर कॉलोनी में यूनिफार्म पहन कर तैयार खड़े बच्चे बुधवार की सुबह स्कूल नहीं जा पाए। इसकी वजह यह थी कि बच्चों को जिस वैन से स्कूल जाना था, उसकी बैटरी चोर चुरा ले गए थे। वैन चालक संजय गुप्ता ने अभिभावकों को प्रकरण की जानकारी दी, लेकिन पुलिस की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए मंडुवाडीह थाने में तहरीर नहीं दिया।