वाराणसी में मंगलवार को अपराध की खबरों के साथ छोटे-बड़े कई कार्यक्रम भी हुए। रिंग रोड के पास से पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 10 किलो गांजा, एक तमंचा और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। वहीं, संपत्ति को लेकर चार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
10 किलो गांजा के साथ दो गिरफ्तार, भेजे गए जेल
वाराणसी के नागेपुर स्थित रिंग रोड के अंडरपास के पास से दो युवकों को 10 किलो 600 ग्राम गांजा, एक तमंचा और एक कारतूस के साथ मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मिर्जामुराद थाना प्रभारी आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि दोनों आरोपियों की पहचान बेनीपुर गांव निवासी लवकुश पटेल और जितेंद्र पटेल के रूप में हुई है।
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल दंपती जिला अस्पताल रेफर
रिंग रोड फेज वन पर संदहां गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलटने से उस पर सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी पहचान जंसा थाना के भतसार निवासी कवि और उसकी पत्नी संगीता के रूप में हुई। घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चिरईगांव से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
संपत्ति के लिए मां-बाप को पीटने वाले बेटे सहित चार पर केस
सुसुवाही गैस गोदाम के पास रहने वाली शकुंतला देवी और उनके पति नारायण के साथ उनका बेटा अरविंद और उसकी पत्नी मोनी मारपीट करते हैं। दंपती का आरोप है कि बेटा-बहू जायदाद नाम करने के लिए दबाव बनाते हैं। इनकार करने पर बेटा-बहू अपने साथियों के साथ मिलकर पिटाई करते हैं। शकुंतला देवी की शिकायत पर अरविंद, मोनी और साथी उमेश सिंह व बुल्ली विश्वकर्मा के खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
चाचा दीजिए स्टार्ट कर दें... कह कर बाइक ले भागा
गौर मधुकरशाहपुर गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में बाइक स्टार्ट कर रहे व्यक्ति से एक युवक ने कहा कि दीजिए चाचा हम मदद कर दें। फिर बाइक स्टार्ट होने पर उसे लेकर भाग गया। पीड़ित ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गौर मधुकरशाहपुर गांव निवासी रामसूरत उर्फ पखंडी बिंद की बेटी की विदाई के समय दरवाजे पर खड़ी बाइक को पड़ोसी ने मिर्जामुराद बाजार जाने के लिए मांगा। उन्होंने किक मारा, लेकिन बाइक स्टार्ट नहीं हुई। इस पर पास में ही खड़े एक युवक ने कहा कि चाचा दीजिए, बाइक हम स्टार्ट कर दें। युवक ने कई बार किक मारी तो बाइक स्टार्ट हो गई।
इसके बाद उसने कहा कि इसे थोड़ा रवा करना होगा और बाइक लेकर निकल गया। काफी देरी के बाद भी युवक बाइक लेकर नहीं आया तो पखंडी बिंद ने खोजबीन शुरू कराई। मगर, युवक और बाइक का पता नहीं लगा। पखंडी ने बताया कि बाइक गांव के ही राजकुमार की थी। बेटी के ब्याह में भागदौड़ के लिए वह राजकुमार से बाइक मांग कर अपने घर लाया था।
ऑटो चालक की हत्या में चार हिरासत में लिए गए
मच्छरहट्टा निवासी ऑटो चालक आदर्श मिश्रा की हत्या में चंदौली जिले की चकिया थाने की पुलिस ने मंगलवार को रामनगर और पड़ाव से चार युवकों को हिरासत में लिया। चारों को चकिया थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है। आदर्श की हत्या की वजह प्रथमदृष्टया प्रेमप्रसंग का विवाद बताया जा रहा है।
आदर्श का शव गत रविवार को चकिया क्षेत्र में मिला था। इस संबंध में चंदौली जिले की पुलिस का कहना है कि घटना से संबंधित अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही घटना की गुत्थी सुलझ जाएगी।
महिला पुलिसकर्मी और अफसर होंगी सम्मानित
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने वाली महिला पुलिसकर्मी सम्मानित की जाएंगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि सुरक्षा घेरा से लेकर कार्यक्रम स्थल के अंत तक कोई भी पुरुष पुलिसकर्मी नहीं तैनात था। महिला पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था संबंधी अपेक्षाओं पर खरी उतरीं। कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटीरत महिला पुलिसकर्मियों के कठिन परिश्रम के लिए उन्हें नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि एडीसीपी महिला अपराध ममता रानी चौधरी, एसीपी चेतगंज नीतू, एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक, प्रशिक्षु डिप्टी एसपी चंचल त्यागी और अपर नगर मजिस्ट्रेट शिवानी का नेतृत्व सराहनीय रहा। इन सभी राजपत्रित महिला अधिकारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
विवाहिता की विदाई को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के लोग भिड़े, 12 घायल
वाराणसी के छितौनी गांव में मंगलवार दोपहर विवाहिता की विदाई को लेकर मायके और ससुराल पक्ष के 12 लोग भिड़ गए। इस दौरान मारपीट में 12 लोग घायल हुए हैं। लोहता थाने की पुलिस ने मेडिकल मुआयना कराकर दोनों पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया है।
लोहता थाना क्षेत्र के कोटवा गांव के नूर मोहम्मद अपनी बहन की शादी छितौनी गांव में की है। मंगलवार दोपहर बहन की विदाई कराने गए तो ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडा चलने लगा।
एक पक्ष से नूर मोहम्मद, दिल मोहम्मद, अली अहमद, सरफराज अहमद, अली हसन, साहिल और आरिफ घायल हो गए। दूसरे पक्ष से समसुनिशा, छेदी, गुलाम नवी, अनवर अली और असगर अली घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों का शांतिभंग के आरोप में चालान किया है।
युवती को धमकाने के लिए पिस्टल लेकर घूम रहे दो युवक गिरफ्तार
वाराणसी के कोतवाली थाने की पुलिस ने कालभैरव मंदिर के पास से दो युवकों को पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में दोनों की पहचान प्रयागराज के फूलपुर निवासी आशीष सिंह और रौनक सिंह के रूप में हुई। दोनों युवक पिस्टल प्रयागराज से लेकर आए थे।
पुलिस को बताया कि बनारस में रहने वाली एक युवती से उनकी बात होती थी। कुछ दिनों से वह बात नहीं कर रही थी। इसलिए वह पिस्टल लेकर उसे धमकाने आए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों युवकों को जेल भेज दिया।
ज्ञानवापी से संबंधित पर्यावरणविद के वाद की सुनवाई टली
सिविल जज सीनियर डिविजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट की अदालत में मंगलवार को ज्ञानवापी से संबंधित एक मामले की सुनवाई टल गई। अगली सुनवाई दस जुलाई को होगी। पर्यावरणविद प्रभु नारायण की ओर से कोर्ट में वाद दाखिल किया गया था। कहा था कि ज्ञानवापी परिसर में गैर हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाई जाए।
मां शृंगार गौरी, भगवान गणेश व हनुमान समेत दृश्य व अदृश्य देवी-देवताओं का नियमित दर्शन-पूजन करने दिया जाए। सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के लिए मस्जिद को हटाकर मंदिर बनाने दिया जाए। मामले में अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से दाखिल पोषणीयता संबंधित अर्जी पर सुनवाई लंबित है।
मसाजिद कमेटी की रिवीजन अर्जी पर सुनवाई टली
सिविल जज सीनियर डिवीजन / फास्ट ट्रैक कोर्ट के आदेश के खिलाफ अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की ओर से जिला जज संजीव पांडेय की अदालत में लंबित रिवीजन अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई टल गई। अब 31 मई को सुनवाई होगी। ज्ञानवापी परिसर हिंदुओं को सौंपने, शिवलिंग जैसी आकृति की पूजा का अधिकार और मुस्लिमों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग करते हुए किरन सिंह ने वाद दायर किया था।
अंजुमन इंतेजामिया मसाजिद कमेटी की तरफ से वाद की पोषणीयता को चुनौती दी गई थी। दोनों पक्षों की बहस सुनने के बाद सिविल जज ने 17 नवंबर 2022 को वाद को सुनवाई योग्य पाते हुए कमेटी की आपत्ति खारिज कर दी थी। मसाजिद कमेटी ने इस आदेश को चुनौती देते हुए जिला जज की अदालत में रिवीजन अर्जी दायर की है।
कोली शेट्टी शिव कुमार की जमानत अर्जी खारिज
जिला जज संजीव पांडेय की कोर्ट ने मंगलवार को लोकसभा के प्रस्तावक के रूप में फर्जी हस्ताक्षर कर नामांकन दाखिल करने के आरोपी युग तुलसी पार्टी के प्रत्याशी कोली शेट्टी शिव कुमार की अंतरिम अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। इस पर सुनवाई के लिए 24 मई की तिथि नियत की है।
इंडिगो के विमान में बिना बोर्डिंग पास के चढ़ा यात्री
मुंबई से वाराणसी पहुंची इंडिगो के विमान में मंगलवार की सुबह अजब-गजब मामला सामने आया। मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल से रनवे तक पहुंचे विमान में क्रू मेंबर को लगा कि एक यात्री अधिक सवार है तो उसे दोबारा टर्मिनल तक जाकर विमान ने छोड़ा। इसके बाद विमान ने यात्रियों को लेकर उड़ान भरी।
इस घटना के चलते विमान के यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे तक विमान यात्रियों ने इसकी शिकायत इंडिगो की वेबसाइट और एक्स पर जाकर की है। कई यात्रियों ने चुटकी भी ली है। मुंबई से वाराणसी की यात्रा करने वाले यात्रियों के अनुसार एक यात्री अपना बोर्डिंग पास लेकर इंडिगो के विमान 6ई 6543 में सवार हुआ। तय सीट पर पहुंचा तो वहां पहले से यात्री बैठा हुआ था।
टर्मिनल से विमान छूटकर रनवे पर पहुंचने वाला ही था कि क्रू मेंबर ने यात्री को अपनी सीट पर बैठने का आग्रह किया। इस पर यात्री ने कहा कि कैसे बैठे, यहां तो कोई और यात्री बैठा है। इस बीच मामला सामने आते ही क्रू मेंबरों में हलचल मच गई। आनन-फानन में तुरंत विमान को दोबारा टर्मिनल पर लाया गया।
उक्त दूसरे यात्री को उतारने के बाद विमान ने सुबह 8.41 बजे मुंबई से उड़ान भरी और सुबह 10.30 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचा। वहीं, इंडिगो विमान कंपनी ने इस असुविधा पर खेद जताया है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने इस तरह की किसी भी जानकारी या शिकायत पर अनभिज्ञता जाहिर की है।
चुनाव प्रशिक्षण से गैरहाजिर 36 कर्मचारियों पर होगा केस
लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर मतदान कर्मियों को दूसरा प्रशिक्षण मंगलवार को यूपी कॉलेज में दिया गया। पहली पाली सुबह 10 से 1 और दूसरी पाली 2 से 5 बजे तक चली। 1000 पोलिंग पार्टियों के कुल 4000 कार्मिकों ट्रेनिंग दी गई। प्रशिक्षण में 36 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर के लिए चुनाव आयोग को पत्र भेजा है। साथ ही अनुपस्थित कार्मिकों का आज का वेतन रोकने के लिए विभागाध्यक्षों को पत्र भेजा।
गांजा के साथ पकड़े गए आरोपी की जमानत अर्जी मंजूर
अपर जिला जज नवम् विनोद कुमार-VI की अदालत ने गांजा के साथ गिरफ्तार गाजीपुर के सिधरा, सैदपुर निवासी चंदन राजभर की जमानत अर्जी मंजूर कर ली। अदालत ने 75 हजार रुपये का पर्सनल बांड और समान धनराशि के दो जमानतदार प्रस्तुत करने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अधिवक्ता ने बताया कि चंदन परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य है। रोजगार की तलाश में वह बस से गाजीपुर से वाराणसी आया था। बस से उतरने के बाद आशापुर बस स्टॉप के पास चाय पी रहा था। चाय की दुकान पर राजनीतिक चर्चा हो रही थी। चंदन ने भी चर्चा में शामिल होकर अपनी बात रखी। इस पर वहां मौजूद एक व्यक्ति को उसकी बातें नागवार प्रतीत हुई और वह चंदन से उलझ पड़ा।
सादे कपड़े में वह व्यक्ति पुलिसकर्मी था। उसने साथी पुलिस वालों को फोन कर बुला लिया। पुलिस वालों ने गांजा की गलत बरामदगी दिखाकर उसे जिला कारागार भेज दिया। किसी स्वतंत्र साक्षी को पुलिस ने गवाह नहीं बनाया।
बास्केटबॉल की राष्ट्रीय खिलाड़ी के साथ छेड़खानी, तीन पर केस
बास्केटबॉल की राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी के साथ छेड़खानी और धमकाने के आरोप में इमलाक कॉलोनी, नदेसर निवासी एक युवक समेत तीन के खिलाफ कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आयुक्त के आदेश पर कैंट थाने की पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी, अर्दली बाजार की पीड़िता का आरोप है कि रास्ते से आने-जाने के दौरान हर्षित सिंह आए दिन छेड़खानी करता था। 27 मार्च की शाम सात बजे अनंता कॉलोनी में मौसी के घर से वापस लौटते समय मिंट हाउस के पास राहुल और फरदीन के साथ पहले से मौजूद हर्षित ने हाथ पकड़कर छेड़खानी की।
शोर मचाने पर लोगों को आते देख तीनों जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। कैंट थाने में शिकायत दी गई, लेकिन न मुकदमा लिखा गया और न कोई कार्रवाई हुई। इस पर पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई।
मायके में रह रही पत्नी के सोशल मीडिया अकाउंट से छेड़छाड़, दुष्प्रचार
वाराणसी के बादशाह बाग कॉलोनी की सुवर्णा अग्रवाल की तहरीर पर सिगरा थाने में पति कानपुर के स्वरूप नगर निवासी नितिश अग्रवाल के खिलाफ धमकाने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर सिगरा राजू सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर साइबर सेल की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।
सुवर्णा ने पुलिस को बताया कि नितिश के साथ उनका विवाह 30 मई 2021 को हुआ था। ससुराल वालों ने इतना प्रताड़ित किया कि उनका गर्भपात हो गया। सात फरवरी 2024 को वह अपनी ससुराल से पुलिस के संरक्षण में निकलीं। स्वरूप नगर थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और वह अपने मायके आ गईं।
इसके बाद पति नितिश ने उनके इंस्टाग्राम अकाउंट में छेड़छाड़ कर उसे अपने फेसबुक अकाउंट से जोड़ दिया। उनके जितने फॉलोअर थे, उन्हें हटा दिया। उनकी पोस्ट डिलीट कर उनके अपमानजनक फोटो पोस्ट की। इस बीच 13 बार उनका पासवर्ड चेंज करने का ई-मेल उन्हें मिला।
नितिश उनके परिवार वाले ग्रुप पर अपमानजनक बातें लिखकर पोस्ट करता है। साथ ही 90 लाख नकदी व अन्य सामान की चोरी का आरोप लगाया। फेसबुक, व्हाटस एप और इंस्टाग्राम पर दुष्प्रचार से वह सदमे में चली गई हैं।
वादी को वाद खर्च और कूलर की कीमत देने का आदेश
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह, सदस्य सुरेंद्र कुमार और सुमन दूबे ने अतुल सेल्स को सात हजार रुपये कूलर की कीमत और वाद खर्च वादी को देने का आदेश दिया है। मीरापुर बसही के अमर बहादुर सिंह ने अतुल सेल्स से एक कूलर खरीदा था। जो कि कुछ दिन बाद ही खराब हो गया। अमर ने कूलर बदलने को कहा तो अतुल सेल्स ने इंकार कर दिया। जिसके बाद अमर ने उपभोक्ता फोरम में वाद दाखिल किया।
बार में बिल में छूट को लेकर कहासुनी, कांच की बोतल और कुर्सी से हमला
वाराणसी के मोहिनीकुंज, महमूरगंज स्थित एक बार में बिल में छूट को लेकर कहासुनी के बाद मारपीट हुई। आरोप है कि बार संचालक और उसके भाई पर कांच की बोतल और कुर्सी से हमला किया गया। सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
यश कपूर ने पुलिस को बताया कि 19 मई की रात वह भाई पुष्प कपूर के साथ बार में थे। सप्तसागर, मैदागिन का रहने वाला यथार्थ चौरसिया अपने साथियों के साथ बार में पार्टी कर रहा था। यथार्थ ने बिल में छूट को लेकर वादविवाद शुरू करते हुए गालीगलौज की।
थोड़ी ही देर बाद फोन कर यथार्थ ने अपने कुछ और साथियों को बुलाया। फिर, कांच की बोतल और कुर्सी से हमला किया। उसी दौरान यथार्थ चौरसिया का भाई आकाश चौरसिया भी आ गया और गालीगलौज की। आकाश ने कहा कि पिता से कह देना कि अगर पुलिस को सूचना दी तो परिवार के लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल कर देंगे। इंस्पेक्टर सिगरा राजू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।