सिगरा थाना क्षेत्र में साइबर अपराध और ब्लैकमेलिंग मामले में चार आरोपियों के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। युवती और उसके भाई की फर्जी फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर शादी तुड़वाने की धमकी देकर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है।
पीड़ित भाई ने सिगरा पुलिस को बताया कि अमित सोनकर, रवि भारती, शनि और अन्य एक युवती ने इंस्टाग्राम का उपयोग कर बहन की फोटो को किसी अन्य व्यक्ति के साथ छेड़छाड़ कर पोस्ट किया। मेरी भी फोटो सोशल मीडिया पर डाली। अगले महीने घर में शादी है। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि उन्हें पांच लाख रुपये नहीं दिए गए, तो वह छेड़छाड़ की गई फोटो और वीडियो ससुराल वालों को भेजकर शादी तुड़वा देंगे।
दुष्कर्म का वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर डालने की भी झूठी धमकी दी। पीड़ित परिवार के विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। आरोपियों की तलाश जारी है। साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी की जांच की जा रही है।
शिवपुर में गैस रिपेयरिंग सेंटर में आग, चार पेट्रोमैक्स फटे
वाराणसी जिले में शिवपुर रेलवे फाटक के समीप भरलाई स्थित सोनकली इंटर कॉलेज के पास बुधवार देर शाम तिवारी गैस रिपेयरिंग सेंटर में आग लग गई। दुकान में रखे चार पेट्रोमैक्स में धमाके हुए, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। धमाका इतना तेज था कि दुकान में मरम्मत को रखा कुकर, चूल्हा अन्य सामान लगभग 30 मीटर दूर तक छिटक गए। हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ।
दुकानदार संजय तिवारी शाम 6.30 बजे अपनी दुकान पर गैस चूल्हे की मरम्मत के बाद पेट्रोमैक्स से उसे जांच रहे थे। इसी दौरान एक पेट्रोमैक्स में गैस रिसाव के कारण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख दुकानदार घबराकर दुकान से बाहर निकल गए।
देखते-ही-देखते दुकान में रखे अन्य पेट्रोमैक्स भी आग की चपेट में आ गए और उनमें धमाके होने लगे। चार धमाके इतने तेज थे कि दुकान का सामान करीब 25 से 30 मीटर दूर तक बिखर गया।
आग की लपटों और सिलसिलेवार धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में लोग सहम गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस की डायल-112 पर सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची।
अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को घटनास्थल से दूर हटाया, ताकि कोई अनहोनी न हो। थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
बंद मकान में सेंध लगाकर दो लाख के गहने चोरी, 15 दिन बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
वाराणसी जिले के मिर्जामुराद क्षेत्र के खालीसपुर गांव में बंद मकान में सेंध लगाकर चोरों ने करीब दो लाख रुपये के आभूषण और घरेलू सामान चुरा लिए। चोर मकान में खड़ी बाइक के दोनों स्टेपनी भी उठा ले गए। मामले में घटना के करीब 15 दिन बाद मंगलवार रात पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। गांव निवासी सुखदेयी देवी का परिवार मुंबई में रहकर व्यापार करता है। घर लौटने पर मुख्य दरवाजा खोलते ही अंदर का नजारा देखकर वह सन्न रह गईं। चोरों ने बाउंड्री के पीछे से मकान में सेंध लगाई थी और पांच बक्सों को तोड़कर उनमें रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी गए सामान में आभूषण, करधनी, चेन, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
दुकान हड़पने की साजिश में छह लोगों पर धोखाधड़ी मामले में प्राथमिकी दर्ज
दुकान की फर्जी खरीद-बिक्री और संपत्ति हड़पने की कोशिश मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मंगलवार की रात सिगरा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सिगरा थाना क्षेत्र के छित्तूपुर निवासी रतन चंद्र वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह पिछले 30-35 वर्षों से रतन सीड स्टोर नाम से बीज का कारोबार करते हैं। वर्ष 2002 में मनीष मेहरोत्रा से दुकान खरीदी थी। मनीष मेहरोत्रा और उनके भाई प्रशांत मेहरोत्रा ने 9 अप्रैल को अपनी बची हुई जमीन राहुल संजय दूबे और विनीता राहुल दूबे को बेची। इस बैनामे में जानबूझकर दुकान का उल्लेख छिपा दिया गया।
इसी गलत बैनामे के आधार पर सितंबर माह में राहुल दूबे के पिता संजय बालमुकुंद दूबे और राजकुमार मिश्रा ने दुकान में घुसकर धमकी दी। उन्होंने दुकान गिराने और जबरन संपत्ति बेचने का दबाव बनाया। आरोपियों ने नगर निगम में फर्जी तरीके से दाखिल-खारिज का आवेदन दिया है। बलपूर्वक दुकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। सिगरा इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है मामले की जांच उपनिरीक्षक अभय सिंह परिहार को सौंपी गई है।