वाराणसी। आदर्श चुनाव आचार संहिता और कोविड-19 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जिले के ग्रामीण इलाके के थानों की पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को लोहता, रोहनिया और बड़ागांव थाने में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने के आरोप में लोहता थाने की पुलिस ने गगन प्रकाश यादव व उनकी पत्नी सरिता प्रकाश और समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य के प्रत्याशी योगेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रोहनिया थाने की पुलिस ने रानी बाजार राजातालाब में सरकारी संपति पर बैनर-पोस्टर लगाने के आरोप में शालू वर्मा, भोलानाथ पटेल, लक्ष्मी मोदनवाल, सूफियान अहमद और आरिफ शेख के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के तहत मामला दर्ज किया गया है। बड़ागांव थाने की पुलिस ने कुड़ी गांव के निवासी व प्रधान पद के प्रत्याशी चंदगी राम यादव के द्वारा काफी संख्या में लोगों के साथ मोटरसाइकिल जुलूस निकाल कर जनसभा करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। उधर, फूलपुर थाने की पुलिस ने पंचायत चुनाव को देखते हुए क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर व अपराधी प्रवृति के एक दर्जन से ज्यादा लोगों को अस्थायी वारंट दिया गया। इस दौरान प्रत्याशियों को आचार संहिता का पालन करने का पाठ एसडीएम पिंडरा जयप्रकाश व सीओ अभिषेक पांडेय द्वारा पढ़ाया गया। इंस्पेक्टर दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर संतोष यादव, सुजीत सिंह बेलवा, सिज्जन यादव, अमित चौबे, मनोज शुक्ला, उमाशंकर सिंह सहित एक दर्जन लोगों के घर नोटिस भेजा गया है। चुनाव के पहले कभी भी संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त होने पर पुलिस गिरफ्तार कर सकती है।