सरायनंदन दशमी निवासी दिलीप गौड़ उर्फ टाइगर की हत्या में वांछित उसके पड़ोसी अमित कुमार गौड़ उर्फ पप्पू को शुक्रवार को पुलिस ने पद्मश्री चौराहा से गिरफ्तार किया। अमित के पास से पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू और एक तमंचा व दो करतूस बरामद किया है।
भेलूपुर थाना अंतर्गत सरायनंदन दशमी निवासी कूड़ा गाड़ी चालक दिलीप को चाकू मार कर बीती छह जून की रात हत्या कर दी गई थी। एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि वारदात को अंजाम देकर अमित भाग निकला था। पूछताछ में अमित ने बताया कि दिलीप गौड़ नशे का आदी था और छह जून की रात उसकी चाय की दुकान पर आकर गालीगलौज किया था। इसके साथ ही उसके पिता को भी गाली दिया था। दिलीप का अक्सर का झगड़ा और गालीगलौज बर्दाश्त न होने पर उसने घर के सामने ही उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इसके बाद सुंदरपुर से लंका की ओर भाग गया था। पद्मश्री चौराहा पर अपने एक दोस्त से मिलने आया था, इसी बीच न जाने पुलिस को कैसे भनक लग गई और वह पकड़ा गया। एसपी सिटी ने बताया कि अमित को इंस्पेक्टर भेलूपुर यूपी सिंह व इंस्पेक्टर राजेश कुमार पांडेय और एसआई रवि यादव, सहजानंद श्रीवास्तव व गोविंद प्रसाद ओझा की टीम ने गिरफ्तार किया है।