फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एयरपोर्ट पर कारतूस के साथ पकड़ा गया क्रिकेटर, पुलिस हिरासत में लेकर कर रही पूछताछ

Mon, 17 Aug 2020 11:33 PM IST
विचित्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी
विज्ञापन
पुलिस ने हिरासत में लिया। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार शाम एक यात्री को सुरक्षा कर्मियों ने न्यू टर्मिनल भवन के अंदर चेक इन के दौरान कारतूस के साथ पकड़ा। जेब से मिले कारतूस और यात्री को सीआईएसएफ ने फूलपुर पुलिस को सौंप दिया। हैदराबाद की एक क्रिकेट अकादमी में प्रैक्टिस करने वाला क्रिकेटर इंडिगो के विमान से हैदराबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था।

विज्ञापन


देवरिया जिले के बरहज निवासी 17 वर्षीय किशोर शाम को इंडिगो एयरलाइंस के विमान 6ई 6624 से हैदराबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा। प्रारंभिक जांच से गुजरते हुए वह चेक-इन एरिया तक पहुंच गया। सिक्योरिटी होल्ड एरिया में प्रवेश से पहले एक्सरे जांच के दौरान उसके पॉकेट पर्स में .32 बोर का कारतूस मिला। 

सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल उसे हिरासत में ले लिया और फूलपुर पुलिस को सूचना दी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह हैदराबाद स्थित क्रिकेट एकेडमी में लगभग तीन वर्ष से प्रैक्टिस करता है। देवरिया से आते समय बस की फर्श पर कारतूस मिला तो उसने पर्स में रख लिया। फूलपुर एसओ सनवर अली ने बताया कि यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। 

पांच चरणों में हो रही है जांच
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर एयरपोर्ट पर अलर्ट है और पांच चरणों में जांच की जा रही है। यात्रियों के पूरे शरीर के साथ बेल्ट जूता-चप्पल आदि की भी जांच की जा रही है। इसके बावजूद कारतूस लेकर टर्मिनल में प्रवेश कर जाना सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। 
विज्ञापन

पहले भी पकड़े जा चुके हैं कारतूस व असलहा

  • 24 अगस्त 2018 को भदोही निवासी कुमुद सिंह को देशी रिवाल्वर के साथ हिरासत में लिया गया था। 
  • 1 अक्टूबर 2018 को बलिया के फेफना निवासी शुभम कुमार मिश्रा को कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। 
  • 12 जनवरी 2020 को मझियावा, बिहार के ओमप्रकाश शर्मा को एयरपोर्ट सुरक्षाकर्मियों ने कारतूस के साथ पकड़ा था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें