नीतीश और दीपक ने यांत्रिक विभाग को दिलाई जीत
दूसरा मैच विद्युत पावर और यांत्रिक विभाग के बीच खेला गया। मैच में विद्युत पावर के गेंदबाज रिषभ ने अपनी घातक गेंदबाजी से यांत्रिक के राजेश की गिल्लियों के साथ स्टंप भी उखाड़ डाले। इसके बाद भी वह टीम को जीत नहीं दिला पाए। यांत्रिक के नीतीश ने 54 गेंद पर 11 चौके और तीन छक्के की मदद से 86 रन और दीपक ने 43 गेंद पर 7 चौके और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए और यांत्रिक को जीत दिलाई। पावर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 163 रन बनाए।
विद्युत पावर की तरफ से अखिल कुमार ने 38 गेंद पर 9 चौके और तीन छक्के की मदद से 65 रन, इमरान ने 13 रन बनाए। यांत्रिक विभाग के प्रशांत ने चार ओवर में 32 रन देकर तीन विकेट, रोहित ने दो विकेट लिए। जवाब में यांत्रिक विभाग ने नीतीश और दीपक की शानदार बल्लेबाजी से 18.2 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर 6 विकेट से मैच जीत लिया। यांत्रिक के नीतीश को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र में खुशी का चयन
एक जनपद एक खेल के तहत खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिगरा वाराणसी की छात्रा खुशी शर्मा का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र में हुआ। बालिका वर्ग निवेदिता शिक्षा सदन महमूरगंज वाराणसी में इसके लिए 12 से 13 मार्च 2026 को खिलाड़ियों का चयन ट्रायल हुआ था। वाराणसी कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव सिंह रानू ने बताया कि खुशी शर्मा खेलो इंडिया कुश्ती प्रशिक्षक गोरख यादव वाराणसी की देखरेख में नियमित अभ्यास करती हैं।
भारतीय खेल प्राधिकरण वाराणसी में उन्नाव के मिथुन का चयन
एक जनपद एक खेल के तहत भारतीय खेल प्राधिकरण प्रशिक्षण केंद्र वाराणसी में उन्नाव के मिथुन का चयन हुआ। मिथुन उन्नाव के हुसैन नगर के निवासी हैं। मिथुन ने कंपोजिट विद्यालय हुसैन नगर से शिक्षा प्राप्त की है। अपने मेंटर अजीत कुमार की देखरेख में उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्रीय खेल प्राधिकरण वाराणसी में चयन प्राप्त किया। इससे परिवार में खुशी की लहर है।
शिविर में योग करते एनडीआरएफ बटालियन के अधिकारी व कर्मचारी।
- फोटो : संवाद
11 एनडीआरएफ बटालियन के योग शिविर में 105 अधिकारी-कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
योगाभ्यास को बढ़ावा देते हुए 11वीं एनडीआरएफ बटालियन ने शनिवार को एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया। इसमें बटालियन के 105 अधिकारी और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। इस शिविर का उद्देश्य जवानों के शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना है।
योग प्रशिक्षण का संचालन योग विशेषज्ञ मनीष कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। यह योग प्रशिक्षण कार्यक्रम योग वेलनेस सेंटर, स्वामी विवेकानंद स्मारक चिकित्सालय के सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय के अधीक्षक क्षितिज तिवारी ने बताया कि बटालियन में प्रत्येक सप्ताह योग शिविर का आयोजन किया जाता है, जिससे जवानों का शारीरिक और मानसिक विकास सुनिश्चित हो सके। शिविर में बटालियन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और उन्होंने योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए सभी को प्रेरित किया। अंत में डिप्टी कमांडेंट रामभवन यादव ने जवानों में उत्साह भरा व भारत माता की जय घोष के साथ शिविर का समापन किया।
छात्र-छात्राओं ने किया सहज योग
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन में शनिवार को दोपहर 2 बजे सहज योग प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इस विशेष कार्यक्रम में डॉ. पुष्पा उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं को सहज योग की व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक जानकारी प्रदान की। डॉ. पुष्पा ने बताया कि सहज योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और एकाग्रता प्राप्त करने का सशक्त माध्यम है। प्रो. विधु द्विवेदी, डॉ. जय प्रकाश, डॉ. शशि कुशवाहा, डॉ. गोपाल प्रसाद, डॉ. प्रियंबदा उपस्थित रहीं।
ऑनलाइन ट्रायल के लिए अंतिम मौका समाप्त
वाराणसी और चंदौली जिले के सीनियर वर्ग के क्रिकेट खिलाड़ियों के सत्र 2026-2027 के यूपीसीए के ऑनलाइन ट्रायल फॉर्म के अंतिम बार पंजीकरण एवं फीस भुगतान की शनिवार अंतिम तिथि थी। अब वाराणसी में आशापुर और बीएलडब्ल्यू में अपने पंजीकरण फाॅर्म की सभी अनिवार्यता पूरी करनी होगी।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशानुसार सत्र 2026-2027 के यूपीसीए के रजिस्ट्रेशन फार्म के लिए वाराणसी एवं चंदौली जिले के सीनियर वर्ग के क्रिकेट खिलाड़ियों के पंजीकरण फॉर्म अंतिम बार केवल ऑनलाइन भरे गए। अब ऑनलाइन पंजीकरण फाॅर्म भरने के बाद फीस जमा करने के लिए सभी पंजीकृत खिलाड़ियों को मिली रसीद के साथ संबंधित व्यक्ति से संपर्क कर इन सभी प्रक्रियाओं को पूरा करना होगा।
जूडो में जोर लगाते खिलाड़ी।
- फोटो : संवाद
जूडो में अंकुश, अंकित, विराट और अंशु ने जीते स्वर्ण पदक
बाबू आरएन सिंह इंडोर स्पोर्ट्स हाल में शनिवार को तीन दिवसीय प्रतियोगिता का समापन हुआ। अंतिम दिन हुई प्रतियोगिता में अलग-अलग भार वर्गों में बेहतरीन तकनीक और दमदार मुकाबलों के दम पर खिलाड़ियों ने पदक जीते। इसमें अंकित, अंकुश, विराट और अंशु ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
खिलाड़ियों ने मुकाबलों के दौरान उत्कृष्ट ग्रिप (कुमिकाता), संतुलन और तेजी का प्रदर्शन किया। 30 से 35 किलो ग्राम भर वर्ग में फाइनल बाउट में अंकित ने शानदार इप्पोन स्कोर करते हुए आदर्श कुमार को मात दी। वहीं, अंकुश ने 35 से 40 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी सटीक ओ-सोटो-गारी तकनीक से किशोर के खिलाफ मुकाबला अपने पक्ष में किया।
50 से 55 किलोग्राम भार वर्ग में विराट राय ने बेहतरीन नागे-वाजा का उपयोग करते हुए विशाल को पराजित किया। जबकि अंशु ने 55 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में मजबूत ने-वाजा (ग्राउंड तकनीक) के जरिए प्रतिद्वंद्वी रमेश को पराजित किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जहां हर बाउट में अंक जुटाने के लिए वाजा-आरी और इप्पोन जैसे स्कोरिंग मूव्स का प्रभावी उपयोग किया गया। बीना कश्यप निर्णायक थी।
सभी बाउट जिला जूडो संघ के सचिव लाल कुमार की देखरेख में हुई। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एके सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी तकनीक सुधारने और बड़े मंच के लिए तैयार होने का अवसर देती हैं।