मारवाड़ी युवा मंच की वाराणसी शाखा और रेशम इंडस्ट्रीज की ओर से टी-12 क्रिकेट प्रतियोगिता का 15वां संस्करण 29 मई से 6 जून तक खेला जाएगा। इसमें खेलने वाली टीम का ऑक्शन शनिवार दोपहर सिद्धगिरी बाग स्थित के एक होटल में हुआ। इसमें बनारस रॉयल्स की टीम ने सबसे ज्यादा पांच लाख अंक में अनंत खेमका को खरीदा। इस दौरान प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी का अनावरण भी किया गया।
मारवाड़ी युवा मंच के सचिव उमंग उमंग दारुका ने बताया कि कन्हैया निकेतन ब्लास्टर ने 4 लाख 45 हजार अंक में मयंक नोटिया को खरीदा है। हरी विलास वॉरियर्स ने रोहित शर्मा को 4 लाख 30 हजार अंक में खरीदा। वहीं, व्यापारी नेटवर्क की टीम ने अमोघ श्रीधर को चार लाख अंक में और आयुष रूंगटा को गंगोत्री राॅयल्स की टीम ने चार लाख अंकों में अपनी टीम में शामिल किया। टूर्नामेंट में खेलने के लिए 90 खिलाड़ियों को छह अलग-अलग फ्रेंचाइजी की छह टीमों ने खरीदा। चयन प्रक्रिया की शुरूआत गौरव पंसारी और अभिषेक ने की।
इस मौके पर युवा मंच के अध्यक्ष विकास शर्मा और सचिव उमंग दारुका, प्रांत के अध्यक्ष नवीन पालड़ीवाल ने टूर्नामेंट के ट्रॉफी का अनावरण किया। इस मौके पर प्रायोजकों को दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर संयोजक आकाश गोयनका, अमित बजाज, चंद्रकिशोर अग्रवाल और हर्षित तुलस्यान मौजूद रहे।
अंक के आधार पर खरीदे प्लेयर्स
उमंग दारुका ने बताया कि इस क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हर टीम के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए अंक दिए गए थे। प्लेयर्स को अंक के आधार पर खरीदकर टीम में शामिल किया गया है। प्रतियोगिता के 15वें संस्करण को सफल बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।