पुलिस को शव देने से परिजनों ने किया इन्कार, रुस्तमपुर गांव की घटना
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी चौबेपुर/चिरईगांव। रुस्तमपुर गांव में बुधवार शाम चचेरे भाई के एक मुक्के से आजाद मिश्रा (57) की मौत हो गई। चचेरे भाई नागेंद्र मिश्रा पर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। देर रात आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। परिजनों ने पुलिस को शव देने से इन्कार कर दिया। देर रात तक शव को लेने के प्रयास में पुलिस जुटी रही। नागेंद्र पर आरोप है कि उसने आजाद के नाक पर एक मुक्का मारा था। रुस्तमपुर गांव निवासी आजाद मिश्रा और आरोपी नागेंद्र मिश्रा चचेरे भाई थे। शाम 4 बजे के बाद आजाद दरवाजे पर कुर्सी पर बैठे थे, तभी ऑटो से पहुंचे नागेंद्र ने गालीगलौज शुरू कर दी। आजाद ने तबीयत ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए नागेंद्र को आगे बढ़ने के लिए कहा, तब तक ऑटो से उतरकर आए नागेंद्र ने आजाद मिश्रा के नाक पर तेज से एक मुक्का मारा, जिससे वह घायल हो गए। परिजन उन्हें पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि आजाद मिश्रा सिक्किम में पॉवर कारपोरेशन लिमिटेड में कार्यरत थे। चार दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे और 16 सितंबर को वापस सिक्किम जाने वाले थे। घर पर पत्नी बानो देवी और दो अन्य महिलाएं हैं। दोनों को कोई संतान नहीं है। भाई और भतीजे हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि नागेंद्र मिश्रा के खिलाफ पहले भी चिरईगांव पुलिस चौकी में शिकायतें की गईं। वह अकसर नशे में गालीगलौज करता था। एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से जानकारी ली। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की परिस्थितियों और मारपीट के कारणों की जांच कर रही है।
आजाद के भाई ने एसीपी से कहा, आएंगे तब शव उठेगा घटना के तुरंत बाद देहरादून से भाई सचिन मिश्रा ने एसीपी सारनाथ विनय द्विवेदी से मोबाइल पर बातचीत की। आग्रह किया कि देहरादून से रवाना हो गए हैं, सपरिवार घर पहुंचने पर ही शव को उठाया जाए। आजाद के दो भाई सचिन और अमित मिश्रा हैं।