बीएचयू पीआरओ डॉ. राजेश सिंह के मुताबिक एक से 15 अक्तूबर तक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की मुख्य परिसर और दक्षिणी परिसर जबकि संबद्ध महाविद्यालयों के लिए 16 से 18 अक्तूबर तक काउंसलिंग कराई जाएगी। स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए 15 अक्तूबर से 2 नवंबर तक काउंसलिंग होगी। वहीं मुख्य परिसर में पेड सीटों के लिए 3 नवंबर से 5 नवंबर और संबद्ध महाविद्यालय और दक्षिणी परिसर के लिए 6 नवंबर से 16 नवंबर तक काउंसलिंग कराई जाएगी।
डॉ राजेश सिंह ने बताया कि आड सेमेस्टर के लिए शिक्षण कार्य 10 सितंबर से शुरू होकर 30 दिसंबर तक जबकि इवन सेमेस्टर के लिए 18 जनवरी से 5 मई 2021 तक शिक्षण कार्य होंगे। इसमें स्नातक पाठ्यक्रमों के पहले सेमेस्टर की कक्षा 6 नवंबर से 21 फरवरी और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 16 अक्तूबर से 5 फरवरी तक कक्षाएं चलाई जाएंगी। जबकि स्नातक दूसरे सेमेस्टर की कक्षा 10 मार्च से 25 जून, स्नातकोत्तर दूसरे सेमेस्टर की कक्षाएं 25 फरवरी से 12 जून तक चलेंगी।
फरवरी से होंगी सेमेस्टर परीक्षाएं
बीएचयू में सेमेस्टर परीक्षाएं फरवरी से होंगी। स्नातक पाठ्यक्रमों के पहले सेमेस्टर की परीक्षा 25 फरवरी से 8 मार्च तक और स्नातकोत्तर के पहले सेमेस्टर की परीक्षा 12 फरवरी से 23 फरवरी तक कराई जाएगी। इसके अलावा अन्य आड सेमेस्टर की परीक्षाएं 5 जनवरी से 15 जनवरी तक होंगी।
पीआरओ ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों के दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा 1 जुलाई से 12 जुलाई, स्नातकोत्तर के लिए 19 जून से 30 जून तक परीक्षा होगी। उधर अन्य इवेन सेमेस्टर की परीक्षा 13 मई से 24 मई तक कराई जाएंगी। बताया कि विस्तृत जानकारी बीएचयू की वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।