27 फरवरी से दो मार्च के बीच फेसबुक की टीम सर्वे के लिए वाराणसी आएगी। स्थानीय उत्पादों से जुड़े कारोबारियों से जानकारियां जुटाएगी, उन्हें प्रशिक्षित करेगी और उनके उत्पादों से जुड़े विवरण फेसबुक पेज पर अपलोड करेगी। वाराणसी के अलावा फेसबुक की टीम कन्नौज, कानपुर, इलाहाबाद और लखनऊ भी जाएगी। इन जिलों के कारोबारियों को भी सोशल प्लेटफार्म मुहैया कराया जाएगा।
फेसबुक से करार की सरकार की इस कोशिश का मकसद स्थानीय कारोबारियों के प्रोत्साहन के साथ उनके लिए बाजार की नई संभावनाएं तलाशना है। सोशल प्लेटफार्म के जरिये स्थानीय उत्पाद दुनिया भर के उपभोक्ताओं की नजर में आ सकेंगे। वाराणसी में सर्वे के दौरान फेसबुक की टीम यहां के शिल्प, कला, खान-पान, उद्यम, पर्यटन आदि से जुड़े कारोबारियों के बीच जाएगी।
प्रभारी जिलाधिकारी/ सीडीओ विशाख जी ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर फेसबुक की टीम पांच जिलों में ‘बूस्ट योर बिजनेस इनिसिएटिव’ का कार्यक्रम चलाएगी। 27 फरवरी से दो मार्च के बीच टीम वाराणसी, कन्नौज, कानपुर, इलाहाबाद और लखनऊ में प्रशिक्षण और जन जागरूकता अभियान चलाएगी। कार्यक्रम का समापन तीन मार्च को यहां कमिश्नरी सभागार में होगा।
टीम हथकरघा, हस्तशिल्प, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र के उद्यमियों को फेसबुक के माध्यम से अपने उत्पादों और सेवाओं की मार्केटिंग करने, उपभोक्ताओं से जुड़ने और लंबे समय तक उनसे कारोबारी रिश्ते बनाए रखने के हुनर सिखाएगी।